रसीकपुर सोनुवाडांगाल में जुटेगा हजारों श्रद्धालुओं का हुजूम, तैयारियां जोरों पर*
महर्षि मेंहीं आश्रम कुप्पाघाट से पधारेंगे स्वामी गुरुनंदन जी महाराज*
घर बैठे श्रद्धालु यूट्यूब चैनल ‘संतमत दर्शन’ पर देख सकेंगे सीधा प्रसारण*
दुमका। झारखंड की उपराजधानी दुमका एक बार फिर भक्ति, ज्ञान और अध्यात्म के रंग में रंगने जा रही है। शहर के रसीकपुर सोनुवाडांगाल (रेलवे स्टेशन रोड) स्थित सत्संग परिसर में आगामी 5 और 6 दिसंबर 2026 (शनिवार एवं रविवार) को दो दिवसीय भव्य संतमत-सत्संग का आयोजन किया जा रहा है। इस ‘आध्यात्मिक महाकुंभ’ में दुमका जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के उमड़ने की प्रबल संभावना है, जिसे लेकर आयोजन समिति की तैयारियां जोरों पर हैं।
—–
संतों के प्रवचन और ध्यान-साधना से मिलेगी आत्मिक शांति*

सत्संग समिति से मिली जानकारी के अनुसार, इस पावन समागम में देश के प्रख्यात संत-महात्माओं का शुभ पदार्पण हो रहा है। विशेष रूप से महर्षि मेंहीं आश्रम (कुप्पाघाट, भागलपुर) से पूज्य स्वामी श्री गुरुनंदन जी महाराज और पुसारो आश्रम (दुमका) से पूज्य स्वामी अरण्यानन्द भिक्षु जी महाराज सहित कई अन्य साधु-महात्मा अपने अमृत वचनों से श्रद्धालुओं को कृतार्थ करेंगे। दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में संत-महात्माओं के प्रवचन, सुमधुर भजन-कीर्तन और ध्यान-साधना के जरिए श्रद्धालु आत्मिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त करेंगे।
——
दो सत्रों में चलेगा कार्यक्रम, डिजिटल दर्शन की भी व्यवस्था*
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सत्संग का नियमित कार्यक्रम प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित होगा। प्रथम सत्र अहले सुबह 6 बजे से और द्वितीय सत्र दोपहर 2 बजे से स्तुति-विनती व मधुर भजन-कीर्तन के साथ आरंभ होगा। इसके अलावा, जो श्रद्धालु स्वास्थ्य, दूरी या अन्य किसी कारणवश कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। वे घर बैठे अपने मोबाइल या टीवी पर ‘संतमत दर्शन’ यूट्यूब चैनल के माध्यम से प्रतिदिन सत्संग का सीधा प्रसारण (लाइव) देखकर पुण्य लाभ उठा सकेंगे।
—-
अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए रसीकपुर सोनुवाडांगाल के समस्त धर्मप्रेमी और दुमका सत्संग समिति के सदस्य दिन-रात एक कर रहे हैं। पंडाल निर्माण से लेकर श्रद्धालुओं के ठहरने और प्रसाद वितरण तक की रूपरेखा तय कर ली गई है। समिति ने क्षेत्र के सभी माताओं-बहनों और धर्मप्रेमी सज्जनों से अपील की है कि वे सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में पधारें और संतों के दर्शन व सत्संग का लाभ अर्जित करें।
——




