गोपीकांदर। गोपीकांदर थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुबन गांव में सोमवार को पहाड़िया जनजाति और स्थानीय ग्रामीणों की एक आपातकालीन बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में गांव में कोयले की टेस्टिंग के लिए पहुंची अरबिंदो और नेवेली कोयला कंपनियों के खिलाफ ग्रामीणों ने जमकर आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर सर्वसम्मति से यह बड़ा फैसला लिया कि बिना ग्राम सभा की अनुमति के किसी भी कोयला कंपनी को गांव की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
बोरिंग मशीन और ऑपरेटरों को बैरंग लौटाया
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि ग्राम सभा की सहमति के बिना अरबिंदो कंपनी को गांव में बोरिंग कार्य के लिए एक इंच भी जमीन नहीं दी जाएगी। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने अब तक कोई ग्राम सभा आयोजित नहीं की है और सीधे गांव में घुसकर बोरिंग करने का प्रयास कर रहा है। बैठक के बीच ही जब कंपनी की बोरिंग मशीन और ऑपरेटर गांव पहुंचे, तो ग्रामीणों ने संगठित होकर विरोध जताया और उन्हें तुरंत गांव से वापस खदेड़ दिया।
75 प्रतिशत स्थानीय रोजगार के वादे पर सवाल
ग्रामीणों ने नेवेली कोल कंपनी की कार्यशैली पर भी तीखी नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी ने क्षेत्र के युवाओं को 75 प्रतिशत स्थानीय रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन हकीकत में स्थानीय बेरोजगारों की अनदेखी कर बाहर से मजदूरों को लाकर काम पर रखा जा रहा है। इससे स्थानीय युवाओं में भारी असंतोष व्याप्त है।
प्रशासन की चुप्पी पर आक्रोश, खुद जांच करेंगे ग्रामीण
बैठक में बताया गया कि ग्रामीणों ने करीब एक महीने पहले ही अपनी आपत्तियों को लेकर गोपीकांदर थाना, प्रखंड कार्यालय, दुमका उपायुक्त और नेवेली कंपनी प्रबंधन को लिखित आवेदन सौंपा था। इसके बावजूद अब तक प्रशासन या कंपनी की ओर से कोई ठोस कार्रवाई या जवाब नहीं मिला है। अब ग्रामीणों ने तय किया है कि वे जल्द ही प्रखंड कार्यालय को दोबारा पत्र सौंपकर स्थानीय युवाओं को दिए गए रोजगार का पूरा ब्योरा मांगेंगे और स्वयं निरीक्षण कर जमीनी हकीकत की जांच करेंगे।
आदिवासी-मूलवासी हितों से समझौता नहीं
आदिवासी-मूलवासी प्रभावित संघर्ष समिति (पुर पंचायत) के बैनर तले आयोजित इस बैठक में ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि वे मधुबन गांव में किसी भी खदान परियोजना के पक्ष में नहीं हैं। उनका मानना है कि इससे आदिवासी और मूलवासी समुदायों का अस्तित्व व हित प्रभावित होंगे।
इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सामियल मुर्मू ने की। मौके पर मंत्री मरांडी, राजकुमार हांसदा, राजदीप कुमार, दिनेश देहरी सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






