फ्लिपकार्ट, अमेजन पे, गूगल पे और एयरटेल पेमेंट बैंक का कस्टमर केयर अधिकारी बनकर करते थे ठगी
देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए देवघर पुलिस ने मोहनपुर थाना क्षेत्र से चार संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से छह मोबाइल फोन और सात सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। कार्रवाई 15 नवंबर को एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपित फ्लिपकार्ट, अमेजन पे, गूगल पे, फोनपे और एयरटेल पेमेंट बैंक के कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। कैशबैक का लालच देने के अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर फर्जी एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करते थे। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जगतपुर निवासी बिट्टू कुमार (24), रोशन कुमार (19), कालीजोत निवासी तकबुल अंसारी (30) और जगतपुर निवासी राजाराम कुमार (21) के रूप में हुई है। तकनीकी जांच में जब्त मोबाइल नंबर और आईएमईआई नंबर से विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें जुड़ी मिली हैं। राजाराम कुमार पूर्व में साइबर थाना कांड संख्या 107/2024 में जेल जा चुका है। छापेमारी दल में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक अमर कुमार राम और मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।






