दुमका: उपराजधानी दुमका सहित पूरे जिले में लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ आज सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ संपन्न हो गया। इसी के साथ छठ व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास भी पारण के साथ समाप्त हुआ।
सुबह तड़के से ही शहर के प्रमुख छठ घाटों जैसे बड़ाबांध तालाब, खुंटा बांध, पुसारो नदी घाट, बन्दरजौरी और रसिकपुर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न जलाशयों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और तोरण द्वारों से सजे घाटों पर पारंपरिक छठ गीतों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
गौरतलब है कि इस चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी। इसके बाद 14 नवंबर को व्रतियों ने खरना का प्रसाद ग्रहण कर निर्जला व्रत शुरू किया। 15 नवंबर की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया और आज 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
पर्व के सफल आयोजन में स्थानीय पूजा समितियों और जिला प्रशासन की सराहनीय भूमिका रही। बड़ाबांध छठ पूजा समिति समेत विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं ने घाटों पर अर्घ्य के लिए दूध, दतवन, चाय और प्राथमिक उपचार की निःशुल्क व्यवस्था की थी। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से सभी संवेदनशील घाटों पर गोताखोरों, दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
इस वर्ष भी दुमका में छठ महापर्व सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल बना, जहाँ विभिन्न समुदायों के लोगों ने मिलजुलकर घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्था में अपना योगदान दिया।






