कलपोखर छठ घाट पर भीड़ का फायदा उठाकर दिया गया वारदात को अंजाम
तीन पीड़ित परिवारों ने बरहरवा थाना में दिया आवेदन
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा- छठ महापर्व के दौरान जहां एक ओर श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने में जुटे थे. वहीं दूसरी ओर अपराधियों ने भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं को अपना निशाना बना लिया. बरहरवा थाना क्षेत्र के कलपोखर शिव मंदिर के समीप स्थित छठ घाट पर सोमवार की सुबह तीन महिलाओं के गले से सोने की चेन छिनतई किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद छठ घाट पर पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है.
इस संबंध में तीन अलग-अलग पीड़ित परिवारों की ओर से बरहरवा थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है.
प्राप्त आवेदनों के अनुसार पहली घटना में बरहरवा निवासी विशाल कुमार भगत ने शिकायत की है कि उनकी माता वंदना देवी सोमवार की सुबह करीब छह बजे छठ महापर्व के प्रातःकालीन अर्घ्य में शामिल होने के लिए कलपोखर शिव मंदिर के समीप स्थित छठ घाट गई थीं. इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से करीब 15 ग्राम वजन की सोने की चेन खींच ली और मौके से फरार हो गया.वहीं दूसरी शिकायत में पंकज कुमार भगत ने बताया कि उनकी माता विजय लक्ष्मी देवी सोमवार की सुबह करीब 5:45 बजे छठ घाट पर अर्घ्य देने पहुंची थीं. इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने भीड़ का फायदा उठाकर उनके गले से करीब 14 ग्राम वजन की सोने की चेन छीन ली और फरार हो गया.
तीसरी शिकायत कटिहार में स्टेशन मैनेजर के पद पर कार्यरत संजय उपाध्याय की ओर से की गई है.उन्होंने अपने आवेदन में बताया कि उनकी 75 वर्षीय माता माया उपाध्याय सोमवार की सुबह करीब 5:30 बजे बरहरवा रेलवे कॉलोनी स्थित कलपोखर छठ घाट पर मौजूद थीं.
इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने भीड़ का फायदा उठाकर उनके गले से लगभग 15 ग्राम वजन की सोने की चेन खींच ली और मौके से फरार हो गया.तीनों पीड़ित परिवारों ने अपनी शिकायत में घटना को दुखद और चिंताजनक बताते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने, अज्ञात आरोपियों की पहचान करने तथा छीनी गई सोने की चेन बरामद करने की मांग की है. आवेदनों की प्रतिलिपि साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक एवं बरहरवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को भी भेजी गई है.
छठ जैसे पवित्र और आस्था से जुड़े पर्व के दौरान एक ही घाट पर तीन महिलाओं को निशाना बनाए जाने की शिकायत ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.अब देखना होगा कि पुलिस जांच में इन घटनाओं के आरोपियों तक कब पहुंचती है और पीड़ित परिवारों को उनकी खोई हुई संपत्ति वापस मिल पाती है या नहीं.






