जामताड़ा। साइबर अपराधियों के खिलाफ जामताड़ा पुलिस की मुहिम में एक और सफलता हाथ लगी है। नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकनियां गांव में छापेमारी कर पुलिस ने शातिर साइबर ठग प्रहलाद दास (31) को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी के घर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, प्रहलाद खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को फोन करता था। एटीएम कार्ड बंद होने का भय दिखाकर वह कार्ड नंबर, सीवीवी और ओटीपी हासिल कर ई-वॉलेट के जरिए खातों से रकम उड़ा लेता था। उसका नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला था। जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह साइबर थाना कांड संख्या 42/25 में पहले से आरोप पत्रित है। इस बार कांड संख्या 73/26 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।



