खूंटी । महात्मा एनडी ग्रोवर डीएवी पब्लिक स्कूल, तोरपा में छठ महापर्व के अवसर पर गुरुवार को नर्सरी, एलकेजी एवं यूकेजी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोक संस्कृति और छठ की परंपराओं की मनमोहक झलक पेश की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मनमोहक नृत्य, लघु नाटिका और पारंपरिक छठ गीतों के माध्यम से लोक आस्था के महापर्व छठ की महत्ता, पवित्रता और सांस्कृतिक विशेषताओं को जीवंत किया।

छठ गीतों की मधुर धुन पर बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। नन्हे कलाकारों की मासूम अदाओं और उत्साहपूर्ण प्रदर्शन को देखकर पूरा वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण हो गया।
इस अवसर पर विद्यालय की उप-प्राचार्या उषा हंस ओझा, शिक्षिकाएं अंजना मिश्रा, संध्या गुप्ता एवं आशा आईन्द सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्राचार्य ज्ञान हंस ओझा ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के प्रति सम्मान एवं जागरूकता विकसित होती है।
साथ ही बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और बच्चों की सराहना की।



