खूंटी । तोरपा प्रखंड के जापुद गांव तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव की विभिन्न समस्याओं से विधायक को अवगत कराते हुए सड़क निर्माण को अपनी प्रमुख मांग बताया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण उन्हें आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में कठिनाई होती है।
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि सड़क किसी भी गांव के विकास की बुनियादी जरूरत है। बेहतर सड़क सुविधा मिलने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी।
विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जापुद गांव की सड़क समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभाग के माध्यम से आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि तोरपा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी जिम्मेदारी है। क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और जनता की समस्याओं का समाधान उनका संकल्प है।




