पलामू । पलामू जिले के विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक नरेश प्रसाद सिंह को नदी पार कराने के लिए एक ग्रामीण ने अपने कंधे पर बैठाया, लेकिन बीच धारा में संतुलन बिगड़ने से विधायक और ग्रामीण दोनों पानी में गिर पड़े। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, विधायक नरेश प्रसाद सिंह विश्रामपुर प्रखंड की घासीदाग पंचायत के घासीदाग गांव में आयोजित एक धार्मिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। गांव तक पहुंचने के लिए उन्हें धुरिया नदी पार करनी थी। नदी में पानी होने के कारण विधायक ने खुद पैदल नदी पार करने के बजाय एक ग्रामीण के कंधे पर बैठकर नदी पार करने का फैसला किया। इसी दौरान बीच धारा में ग्रामीण का संतुलन बिगड़ गया और विधायक समेत दोनों पानी में गिर पड़े।

आपको बता दें कि घासीदाग पंचायत बारिश के दिनों में मुख्य मार्ग से पूरी तरह कट जाती है। यह इलाका चारों तरफ से नदियों से घिरा हुआ है और यहां के ग्रामीण लंबे समय से सरकार और प्रशासन से पुल बनाने की मांग कर रहे हैं। घासीदाग पंचायत की मुखिया अंजू देवी ने गांव में पुल नहीं होने के कारण ग्रामीण लगातार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन विधायक ने इस पर कभी संज्ञान नहीं लिया। अब जब विधायक खुद नदी में गिर गए हैं, तो उम्मीद है कि उन्हें जनता के इस रोजमर्रा के दर्द और समस्या का अहसास होगा।
इस घटना के बाद बिश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और विपक्षी दलों ने विधायक व सरकार को आड़े हाथों लिया है, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेता राहुल दुबे ने कहा कि आम जनता बारिश के मौसम में इलाज तक नहीं करा पाती है।
विधायक को क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए दो साल से अधिक का समय हो गया है, लेकिन वे क्षेत्र की मूलभूत समस्या दूर नहीं कर पाए। जनता की समस्या हल करने के बजाय वह एक दलित की पीठ पर बैठकर नदी पार करने की कोशिश कर रहे हैं।
वहीं, भाजपा पलामू के जिला अध्यक्ष अमित तिवारी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “झारखंड की वर्तमान सरकार आदिवासियों, दलितों और पिछड़ों के कल्याण की बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन हकीकत में सबसे ज्यादा शोषण इन्हीं वर्गों का हो रहा है। चाहे निशा भगत की मौत का मामला हो या बिश्रामपुर की यह शर्मनाक घटना, यह सरकार की संवेदनहीन मानसिकता को उजागर करती है। लोकतंत्र का मखौल उड़ाया जा रहा है और आम जनता के दर्द से सरकार को कोई सरोकार नहीं है।”



