दुमका। सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय में ‘प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान’ (पीएम-उषा / रूसा 2.0) के तहत स्वीकृत विकास योजनाओं को रफ्तार देने की तैयारी पूरी हो चुकी है। इन योजनाओं के सुचारू संचालन, नीति निर्धारण और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने दो उच्चस्तरीय कमेटियों का गठन किया है। कुलपति के निर्देश पर कुलसचिव द्वारा 22 अक्टूबर को इस संबंध में दो अलग-अलग अधिसूचनाएं (संख्या 145/26 एवं 146/26) जारी की गईं। जनसंपर्क निदेशक डॉ. राजीव रंजन सिन्हा द्वारा प्राप्त इस जानकारी के अनुसार, इन समितियों के गठन से विश्वविद्यालय परिसर और अंगीभूत महाविद्यालयों के शैक्षणिक व आधारभूत विकास कार्यों में पारदर्शिता और तेजी आएगी।
————
नीतिगत फैसलों और फैकल्टी डेवलपमेंट के लिए बना बोर्ड ऑफ गवर्नर्स
अधिसूचना संख्या 146/26 के तहत गठित ‘बोर्ड ऑफ गवर्नर्स’ रूसा से जुड़ी संस्थागत परियोजनाओं के समयबद्ध, किफायती और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नीतियां तय करने का काम करेगी। यह कमेटी विभिन्न उप-समितियों के गठन, मार्गदर्शन और आंतरिक निगरानी के साथ-साथ शिक्षकों के समग्र विकास (फैकल्टी डेवलपमेंट) को भी सुनिश्चित करेगी। इस महत्वपूर्ण बोर्ड की कमान विश्वविद्यालय के वित्तीय सलाहकार (एफ.ए.) को अध्यक्ष के रूप में सौंपी गई है, जबकि नोडल पदाधिकारी (पीएम-उषा) इसके सदस्य सचिव होंगे।
बोर्ड के सदस्यों में डीएए (अधिष्ठाता शैक्षणिक कार्य), डीईएफएम, एसपीएम कॉलेज दुमका के प्राचार्य, एसपी कॉलेज दुमका के प्राचार्य और मॉडल कॉलेज विजयपुर (दुमका) के प्राचार्य को शामिल किया गया है। इसके अलावा तकनीकी और अकादमिक इनपुट के लिए भवन निर्माण विभाग (बीसीडी, दुमका) के कार्यपालक अभियंता, गणित विभागाध्यक्ष डॉ. एस.एन. अधिकारी, जूलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. नीलेश कुमार और संताली विभाग के डॉ. सुशील टुडू को भी सदस्य बनाया गया है।
—————
धरातल पर योजनाओं की प्रत्यक्ष निगरानी करेगी प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग यूनिट
दूसरी ओर, अधिसूचना संख्या 145/26 के तहत संस्थान स्तर पर चल रही परियोजनाओं की निरंतर और प्रत्यक्ष निगरानी के लिए ‘प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग यूनिट’ (पीएमयू) का गठन किया गया है। यह यूनिट विकास कार्यों की जमीनी प्रगति पर पैनी नजर रखेगी। इस यूनिट की अध्यक्षता एसकेएमयू के डीएए (अधिष्ठाता शैक्षणिक कार्य) करेंगे और इसके सदस्य सचिव भी पीएम-उषा के नोडल पदाधिकारी होंगे।
पीएमयू के प्रशासनिक और तकनीकी सदस्यों में कुलसचिव, वित्त पदाधिकारी (एफ.ओ.), परीक्षा नियंत्रक (सीओई), इतिहास विभाग की डॉ. सुमित्रा हेम्ब्रम, भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार यादव, देवाशीष लायक और जेएसबीसीसीएल (दुमका) के कार्यपालक अभियंता शामिल हैं। इस यूनिट की खास बात यह है कि इसमें छात्र भागीदारी को भी महत्व दिया गया है। छात्र प्रतिनिधियों के रूप में वाणिज्य विभाग (सत्र 2025-27, सेमेस्टर-2) के नंद किशोर शर्मा और संताली विभाग (सत्र 2025-27, सेमेस्टर-2) की प्रीति स्मिता टुडू को शामिल किया गया है, जिससे छात्र हितों और उनकी निगरानी को भी सीधा मंच मिलेगा।


