मालदा । पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के इंग्लिशबाजार थाना क्षेत्र के रामकेली में दशमी की शाम भाजपा कार्यकर्ता समीर घोष (27) की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि घर में घुसकर उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया और बाद में गोली भी मारी गई। इस घटना में कई अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनका मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और खून से लथपथ समीर को अस्पताल ले गई। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई विवेक घोष का आरोप है कि समीर भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे। इसी वजह से उन्हें कथित तौर पर धमकियां मिल रही थीं। विवेक के अनुसार, राजनीतिक विवाद के कारण स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेताओं के साथ उनके भाई का लंबे समय से मतभेद चल रहा था। दशमी की शाम समीर घर में अकेले थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोग घर में घुसे और उन पर धारदार हथियार से कई वार किए। इसके बाद उनकी मौत सुनिश्चित करने के लिए दो राउंड गोली चलाने का भी आरोप लगाया गया है।
इस मामले में स्थानीय तृणमूल नेता शत्रु घोष और उनके समर्थकों पर हमला करने का आरोप लगा है। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इन आरोपों से इनकार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


