सरैयाहाट। देवघर-हंसडीहा राष्ट्रीय राजमार्ग-133 पर बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सरैयाहाट थाना क्षेत्र के कोठिया गांव के समीप एक तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। यह दुर्घटना इतनी भयावह थी कि बाइक पर सवार नौ वर्षीय मासूम आर्यन पंडित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक बालक आर्यन पंडित मूल रूप से बिहार के बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र स्थित बंधा गांव का निवासी था। जानकारी के मुताबिक, कार सवार लोग बिहार की ओर से देवघर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान कोठिया गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल से कार की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। मासूम आर्यन के शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


