आरोपी फिर खून से सना चाकू लेकर गांव में घूमा
कोलकाता । पश्चिम बंगाल के बांकुरा के एक घर में दो लोगों की हत्या कर दी गई। आरोप है कि एक शख्स ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी थी और उसके बाद उसका सिर काटकर घर के मंदिर में चढ़ा दिया। उसके बाद शख्स ने अपने पिता की भी हत्या कर दी और हाथ में चाकू लेकर गांव में घूमने लगा। यह घटना दामोदर नदी के किनारे लाल बाबा मनाचर इलाके में हुई, जो बांकुड़ा जिले के सोनामुखी पुलिस स्टेशन और पश्चिम बर्धमान जिले के कांक्सा पुलिस स्टेशन की सीमा के पास है1
सूत्रों के मुताबिक आरोपी मंगल चौधरी है। उस पर पत्नी रुंपा चौधरी और पिता राजेंद्र चौधरी की हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि मंगल ने पहले अपनी ऊंगली काट ली। उसके बाद घर में पत्नी की हत्या कर दी और उसका सिर काटकर घर के मंदिर में त्रिशूल के सामने रख दिया। उसके बाद उसने अपने पिता को भी मौत के घाट उतार दिया। इस वारदात से गांव में डर का माहौल है।
मंगल को अपनी घायल उंगली के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। पुलिस ने बताया कि उसे तुरंत अदालत के सामने पेश नहीं किया जा सका, क्योंकि उसका इलाज चल रहा था। जांचकर्ता पता लगा रहे हैं कि क्या इन हत्याओं का संबंध तांत्रिक क्रियाओं से है, हालांकि पुलिस ने अभी तक ऐसे किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है। लोगों ने बताया कि मंगल और उनकी पत्नी अपने घर के अंदर बने मंदिर में नियमित रूप से पूजा-पाठ करते थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक तांत्रिक अक्सर इस परिवार के यहां आता-जाता था। इन बातों के चलते इलाके में यह चर्चा शुरू हो गई है कि क्या इस घटना का संबंध तंत्र-मंत्र से हो सकता है।


