न आसमान दिखाई दे रहा है न सूर्य की लालिमा, दूर-दूर तक धुंध का गुबार आ रहा नजर
नई दिल्ली । दशहरा पर हुए रावण दहन के बाद दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण बढ़ गया है। बम-पटाखों की धुंध, धूल और शुष्क मौसम ने मिलकर ऐसी घुटन पैदा कर दी है जिससे लोगों का सांस लेना दुश्वार हो रहा है। न आसमान दिखाई दे रहा है न सूर्य की लालिमा, बल्कि दूर दूर तक बस धुंध का गुबार नजर आ रहा है। बुधवार का एक्यूआई स्तर सीवियर केटेगरी में पहुंच गया है।
भारत मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को दिल्ली-एनसीआर का मौसम धुंध भरा और शुष्क रहेगा। एनसीआर में पटाखों का धुआं और पराली जलाने का मौसम शुरू होने से हवा की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। एक्यूआई के मुताबिक बुधवार की सुबह एक्यूआई 290 पहुंच गया है, जो सीवियर केटेगरी में आता है। वहीं नोएडा की बात करें तो यहां एक्यूआई 294 दर्ज किया जा रहा है।
यह एक्यूआई खतरनाक श्रेणी से बस कुछ ही पॉइंट दूर है। सीवियर केटेगरी में पहुंची हवा की वजह से लोगों को खुले में सांस लेने में दिक्कतें हो रही है। खासतौर पर अस्थमा और रेस्पिरेटरी संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को परेशानियां हो रही हैं, जबकि स्वस्थ लोग इस मौसम से एलर्जी की चपेट में आ रहे हैं और संक्रमण के शिकार हो रहे हैं। लोगों में सर्दी, खांसी और जुकाम की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।
आज तापमान की बात करें तो दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से हल्की से मध्यम गति से चल रही है। यही वजह है कि स्मॉग की चादर तनी हुई है। भारत मौसम विभाग की मानें तो बुधवार सुबह में ज्यादा और दोपहर में कम रहेगी। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में इस स्मॉग से अभी राहत मिलना मुश्किल है। आमतौर पर हल्की बारिश भी इस प्रदूषण को बिठा देती है और हवा को शुद्ध कर देती है।
रिपोर्ट के मुताबिक पीएम 2.5 और पीएम 10 का स्तर ऊंचा है, जिससे सांस लेने में तकलीफ हो सकती है। बच्चों और बुजुर्गों को बाहरी गतिविधियों से बचने की सलाह दी जा रही है। मास्क पहनने। दशहरे के त्योहार के बाद प्रदूषण की परत धीरे-धीरे गाढ़ी हो रही है। सुबह की धुंध और शाम की हल्की धुंध दोनों जगह महसूस हो रही है. विजिबिलिटी सामान्य है, लेकिन हवा की गुणवत्ता चिंता का विषय बनी हुई है। हालांकि अगले कुछ दिनों में भी साफ आसमान और समान तापमान का अनुमान है। नागरिकों को सुबह-शाम व्यायाम के समय सावधानी बरतनी चाहिए। खिड़कियां बंद रखकर एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल फायदेमंद हो सकता है।


