पलामू । पलामू जिले के नौडीहा बाजार प्रखंड अंतर्गत शाहपुर पंचायत के मांगराडीह गांव में अंधविश्वास में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां ओझा-गुणी करने के संदेह में 61 वर्षीय बुजुर्ग सीताराम की धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल व्याप्त हो गया है।
ग्रामीणाें से मिली जानकारी के अनुसार, गांव का ही 30 वर्षीय युवक विवेक कुमार बीते 10 दिनों से गंभीर रूप से बीमार चल रहा था और उसका इलाज जारी था। विवेक के परिजनों को पड़ोस में रहने वाले बुजुर्ग सीताराम पर संदेह था कि उन्होंने उस पर ओझा-गुणी या टोना-टोटका किया है। इसी बात को लेकर विवेक के परिवार वाले भारी आक्रोश में थे। सुबह आवेश में आकर आरोपित पक्ष के किसी सदस्य ने सीताराम पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए छतरपुर के डीएसपी प्रशांत कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मृतक के पड़ोसियों और परिजनों से गहन पूछताछ कर रही है। डीएसपी प्रशांत कुमार के अनुसार, विवेक के परिवार के किस सदस्य ने इस वारदात को अंजाम दिया है, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और आरोपिताें की पहचान कर उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


