परिजनों को बिना सूचना दिए शव ले जाने का आरोप, कंपनी के अधिकारियों के नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा (पाकुड़)। थाना क्षेत्र के कोलखीपाड़ा स्थित प्रधान टोला निवासी 35 वर्षीय निमूलाल मरांडी की अज्ञात डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा शनिवार रात करीब 1:30 बजे होने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी रविवार सुबह मिली। घटना के बाद मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पैनम लिंक रोड जाम कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि प्रशासन ने उन्हें बिना सूचना दिए ही शव अपने साथ ले लिया। इससे परिजनों में नाराजगी है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि घटना के बाद अब तक संबंधित कंपनी का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। इससे लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि जब तक मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा नहीं मिलता और उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, तब तक सड़क जाम जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन और संबंधित कंपनी के अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर मामले का समाधान करने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।


