खूंटी । रांची-खूंटी एनएच-20 पर फुदी गांव स्थित टीटीसी के पास गुरुवार की देर रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 53 वर्षीय जम्बी देवी की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शुक्रवार काे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार, जम्बी देवी, पति स्वर्गीय बिजला मुंडा, गुरुवार काे अपने घर से निकलकर पड़ोसी मंगल पाहन के घर जा रही थीं। इसी दौरान रांची की ओर से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उस समय महिला की सांसें चल रही थीं।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए गांव की ही एक बोलेरो से घायल जम्बी देवी को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार को सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

