नई दिल्ली । कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली से पहले दिल्ली पुलिस शुक्रवार को पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के झंडेवालान स्थित ठिकाने पर पहुंची और उन्हें प्रदर्शन नहीं करने का नोटिस थमा दिया। गौरतलब है कि दीपके ने गुरुवार रात प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी गिरफ्तारी की आशंका जताई थी।
सीजेपी ने शुक्रवार शाम पांच बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में तिरंगा लहराने का कार्यक्रम रखा है। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और आशुतोष रांका तथा सौरव दास को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के विरोध में यह आयोजन कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई पर दीपके ने कहा कि उनकी ओर से रैली या प्रदर्शन की घोषणा नहीं की गई है, बल्कि तिरंगा लहराने की बात कही गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि तिरंगा लेकर जाना कानून के खिलाफ कैसे हो सकता है। दीपके ने पुलिस की कार्रवाई की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि बच्चों को पीटा जाता है, जबकि डंडे लेकर आने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती। कार्यक्रम को देखते हुए कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। वहीं नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है। हालांकि, पार्क बंद रखने की स्पष्ट वजह नहीं बताई गई है।


