नई दिल्ली । ऑनलाइन फूड डिलीवरी के शौकीनों के लिए बड़ी खबर है। लोकप्रिय ऐप स्विगी ने अपनी मल्टी-रेस्टोरेंट ऑर्डरिंग सुविधा शुरू कर दी है, जिससे अब ग्राहक एक ही बार में पांच अलग-अलग रेस्टोरेंट्स से खाना ऑर्डर कर सकेंगे। यह उन ग्राहकों की लंबे समय से चली आ रही शिकायत को दूर करेगा जो एक ही ऑर्डर में कई जगह से खाना मंगवाना चाहते थे। इस नई सुविधा से न केवल समय बचेगा बल्कि बार-बार पेमेंट करने का झंझट भी खत्म होगा। स्विगी द्वारा लॉन्च किया गया मल्टी-रेस्टोरेंट ऑर्डरिंग फीचर यूजर्स को अभूतपूर्व सुविधा प्रदान करेगा। अब अगर परिवार के हर सदस्य की पसंद अलग-अलग है– कोई बिरयानी चाहता है, कोई मोमोज और कोई रोटी-सब्जी – तो उन्हें अलग-अलग ऑर्डर देने और बार-बार भुगतान करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
ग्राहक अधिकतम पांच रेस्टोरेंट्स से अपनी पसंद की चीजें चुनकर एक ही कार्ट में जोड़ सकते हैं और सिर्फ एक बार भुगतान करके पूरा ऑर्डर दे सकते हैं। इससे बार-बार पेमेंट और OTP का झंझट खत्म होगा और विभिन्न कार्ट्स की तुलना करना भी आसान होगा। कंपनी ने यह सुविधा त्योहारी सीजन से ठीक पहले शुरू की है, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को अपनी पसंद का खाना आसानी से उपलब्ध कराना और ऑर्डरिंग प्रक्रिया को सरल बनाना है। स्विगी की यह सेवा देश के 720 से भी अधिक शहरों में उपलब्ध कराई गई है। हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि हर रेस्टोरेंट का खाना अलग-अलग तैयार होगा और उनकी डिलीवरी भी अलग-अलग ही की जाएगी। लेकिन ग्राहकों को एक ही स्क्रीन पर सभी ऑर्डरों की स्थिति (तैयारी से लेकर डिलीवरी तक) ट्रैक करने की सुविधा मिलेगी, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहेगी। यह नया फीचर ऑनलाइन फूड डिलीवरी अनुभव को पूरी तरह से बदल देगा।


