नई दिल्ली । मोटापा कम करने वाली जीएलपी-1 श्रेणी की दवाओं को लेकर नई रिसर्च में कई चिंताएं उभर कर सामने आई है। ताजा रिसर्च में इन दवाओं के सेवन से बाल झड़ने और नाखूनों से जुड़ी समस्याओं की आशंका जताई गई है। हालांकि, शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि अभी इन समस्याओं और दवाओं के इस्तेमाल के बीच संबंध सामने आया है, लेकिन यह साबित नहीं हुआ है कि दवाएं ही इनका प्रत्यक्ष कारण हैं। ओजेम्पिक, वेगोवी और मॉनजारो जैसी दवाओं का इस्तेमाल टाइप-2 डायबिटीज के इलाज और वजन घटाने के लिए किया जाता है। एक रिपोर्ट के अनुसार, शोधकर्ताओं ने फ्रांस, अमेरिका, ब्राजील और मैक्सिको के 1,900 से अधिक लोगों के आंकड़ों का अध्ययन किया। इनमें 575 लोग ऐसे थे, जो जीएलपी-1 दवाओं का सेवन कर रहे थे। बाकी लोगों को मोटापा या टाइप-2 डायबिटीज की समस्या थी, लेकिन वे इन दवाओं का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे। शुरुआती निष्कर्षों में दवा लेने वाले लोगों में नाखूनों से संबंधित समस्याएं अधिक देखी गईं। यह शोध अभी किसी वैज्ञानिक जर्नल में विशेषज्ञों की समीक्षा से नहीं गुजरा है, इसलिए इसके परिणामों को शुरुआती साक्ष्य के रूप में ही देखा जाना चाहिए। अध्ययन में जीएलपी-1 दवाएं लेने वाले 66 प्रतिशत लोगों ने नाखूनों से जुड़ी कम से कम एक समस्या बताई, जबकि दवा नहीं लेने वाले समूह में यह आंकड़ा 53 प्रतिशत था। दवा लेने वाले 46 प्रतिशत लोगों ने नाखूनों का रंग बदलने की शिकायत की। दूसरे समूह में यह अनुपात 17 प्रतिशत था।
इसके अलावा, दवा लेने वाले लोगों में नाखूनों के त्वचा से अलग होने की आशंका चार गुने से अधिक पाई गई। बाल झड़ने के मामले में भी अंतर सामने आया। दवा लेने वाले 26 प्रतिशत लोगों ने बाल झड़ने की शिकायत की, जबकि दवा नहीं लेने वालों में यह आंकड़ा 12 प्रतिशत था। कुछ लोगों में सिर की त्वचा पर खुजली, लालिमा और पपड़ी जैसी समस्याएं भी देखी गईं। विशेषज्ञों के अनुसार, तेजी से वजन घटने और भोजन की मात्रा कम होने के कारण शरीर में प्रोटीन, आयरन और जिंक जैसे जरूरी पोषक तत्वों की कमी हो सकती है। इससे बालों और नाखूनों की सामान्य वृद्धि प्रभावित हो सकती है। तेजी से वजन घटने के बाद होने वाला बालों का झड़ना टेलोजन एफ्लुवियम नामक अस्थायी स्थिति से भी जुड़ा हो सकता है। शोधकर्ताओं ने सलाह दी है कि इन निष्कर्षों के आधार पर मरीज अपनी दवाएं खुद बंद न करें।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


