गोड्डा : शहर में कक्षा 12वीं की पढ़ाई कर रहे एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्र का शव किराए के मकान में पंखे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिवार में मातम छा गया। मृतक की पहचान मल्हारा गांव निवासी बाल किशोर पंडित के पुत्र गोपाल पंडित के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गोपाल गोड्डा शहर में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। वह पिछले 2 सालों से केंद्रीय विद्यालय के बगल की गली में स्थित एक कंचन लॉज के किराए के मकान में रहते थे। मृतक प्लस 2 उच्च विद्यालय जमनी पहाड़पुर स्कूल में पड़ता था। और दो भाई में वो छोटा था।
जानकारी के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है।
हालांकि पुलिस जांच के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।बताया जा रहा है कि किराए के मकान में ही उनका शव पंखे से लटका हुआ मिला। शुरुआती जानकारी में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन आनन-फानन में गोड्डा पहुंचे। पढ़ाई के लिए घर से दूर रह रहे बेटे की मौत की खबर से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही गोड्डा नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया है।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस मोबाइल जप्त कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


