घटना के बाद आरोपी हिरासत में, परिजनों ने मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की कही बात
कोडरमा । झारखंड के कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के ईरगोबाद में बुधवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां संतोष पासवान (30) ने कथित तौर पर धान काटने वाले हंसुए से अपनी पत्नी पूनम देवी के गले पर वार कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से उसे एंबुलेंस के जरिए कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान पूनम देवी किसी तरह कमरे से बाहर निकली और शोर मचाने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। महिला को खून से लथपथ देखकर लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर जयनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी संतोष पासवान को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। संतोष की मां के मुताबिक, उसके बेटे की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह दूसरे स्थान पर रहकर जेसीबी मशीन चलाता था। तबीयत बिगड़ने के बाद वह घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में उत्तर प्रदेश में भटक गया। बाद में परिजन उसे तलाश कर घर लेकर आए थे। परिवार के लोग उसे इलाज के लिए रांची ले जाने की तैयारी कर रहे थे।
वहीं, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच पहले कभी इस तरह के विवाद की जानकारी सामने नहीं आई थी। उनके अनुसार, संतोष पिछले करीब एक महीने से घर पर ही रह रहा था और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना किन परिस्थितियों में हुई और हमले के पीछे क्या कारण थे, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।


