– 13 नवंबर से शुरू होगा महापर्व, धनबाद से बिहार जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग
– सड़क मार्ग से जाने का विकल्प
धनबाद । छठ महापर्व को लेकर बिहार जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ने लगी है। 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ छठ पर्व की शुरुआत होगी। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को पहला अर्घ्य और 16 नवंबर को दूसरा अर्घ्य दिया जाएगा। इस दौरान धनबाद से बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ बिहार जाते हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण प्रमुख ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, धनबाद से बिहार जाने वाली गंगा-दामोदर, वनांचल और मौर्य एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में 9 से 12 नवंबर तक सीटें भर चुकी हैं। धनबाद-पटना और पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में 9 नवंबर को कुछ सीटें उपलब्ध होने की जानकारी है। ऐसे में यात्रियों के पास तत्काल कोटे, संभावित विशेष ट्रेनों या सड़क मार्ग से यात्रा करने का विकल्प बचा है। वैशाली, छपरा और सीवान जाने वाले यात्रियों के लिए भी ट्रेन के विकल्प सीमित हैं। सड़क मार्ग से यात्रा करने वाले लोग बरही से नवादा, बख्तियारपुर होते हुए पटना पहुंच सकते हैं। वहीं, आरा जाने के लिए औरंगाबाद-सहार मार्ग को विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। बस संचालकों के संगठन के मुताबिक, छठ के दौरान बस किराया बढ़ाने की योजना नहीं है।
दूसरी ओर, रांची से कोलकाता जाने वाले यात्रियों को भी टिकटों की कमी और बढ़े किराये का सामना करना पड़ रहा है। दुर्गा पूजा के दौरान यात्रा की मांग बढ़ने से ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। 14 से 17 अक्टूबर के बीच रांची-हावड़ा क्रियायोग एक्सप्रेस के स्लीपर श्रेणी में 100 से अधिक वेटिंग बताई गई है। वंदे भारत और शताब्दी जैसी प्रीमियम ट्रेनों में भी 18 अक्टूबर तक टिकटों की उपलब्धता सीमित है।
हवाई किराया भी बढ़ गया है। सामान्य दिनों में करीब 4,000 रुपये रहने वाला रांची-कोलकाता फ्लाइट का किराया बढ़कर 8,000 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, कुछ एसी बसों का ऑनलाइन किराया 2,200 से 2,300 रुपये तक बताया गया है, जबकि सामान्य दिनों में यह करीब 1,000 रुपये रहता है।
हालांकि, यात्रियों के लिए कुछ विकल्प उपलब्ध हैं। रांची से शालीमार जाने वाली पूजा स्पेशल ट्रेन में 17 अक्टूबर को स्लीपर श्रेणी में कुछ सीटें उपलब्ध होने की जानकारी है। 24 अक्टूबर को भी सीटों की उपलब्धता बताई गई है। इसके अलावा इंटरसिटी एक्सप्रेस में 18 और 19 अक्टूबर को सीटें मिलने की संभावना है। यात्रियों को सलाह है कि टिकट बुक करने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर ताजा उपलब्धता जांच लें।


