दुमका। झारखंड राज्य पेंशनर समाज, दुमका की मासिक गोष्ठी समाज के प्रशाल में अध्यक्ष लक्ष्मीकांत ठाकुर की सभापतित्व में आयोजित की गई। गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय स्टेट बैंक, दुमका के मुख्य शाखा प्रबंधक पुष्कर चंद्र तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बैंक के पेंशन प्रभारी अजीत कुमार उपस्थित हुए। समाज की ओर से कोषाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा एवं सचिव तारिणी प्रसाद कामत ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
गोष्ठी का शुभारंभ समाज के उपाध्यक्षों श्यामा देवी यादव, रामानंद मिश्रा एवं बालकिशोर कापरी तथा कुंदन झा के संबोधन से हुआ। वक्ताओं ने पेंशनरों के हितों, उनकी समस्याओं तथा बैंक के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए।मुख्य अतिथि पुष्कर चंद्र एवं विशिष्ट अतिथि अजीत कुमार ने पेंशनरों के लिए जीवन प्रमाण-पत्र (लाइफ सर्टिफिकेट), ऋण संबंधी सुविधाओं तथा आगामी दिसंबर माह में आयोजित होने वाले पेंशनर दिवस के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पेंशनर समाज की ओर से बैंक को मिलने वाला सहयोग अत्यंत संतोषजनक है। विशेष रूप से जीवन प्रमाणन के कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने वाले मनोज कुमार मिश्रा एवं कुंदन झा के प्रयासों की सराहना की गई।
अपने अध्यक्षीय संबोधन एवं धन्यवाद ज्ञापन के दौरान अध्यक्ष लक्ष्मीकांत ठाकुर ने आशा व्यक्त की कि भारतीय स्टेट बैंक का सहयोग इस वर्ष पूर्व की अपेक्षा और अधिक प्रभावी एवं व्यापक होगा। उन्होंने पेंशनरों की सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बैंक प्रबंधन से निरंतर सहयोग की अपेक्षा की। बैंक के दोनों पदाधिकारियों ने समाज को आश्वस्त किया कि पेंशनरों के हितों एवं सुविधाओं के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
गोष्ठी सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस अवसर पर समाज के लगभग पच्चीस सदस्य एवं पेंशनर उपस्थित थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


