पश्चिमी सिंहभूम । पश्चिमी सिंहभूम जिले में सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार किसान आकाश पूर्ति (50 )की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी मीना पूर्ति गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, आकाश पूर्ति पांड्राशाली ओपी क्षेत्र के पांड्राशाली गांव के निवासी थे। शनिवार को वह अपनी पत्नी मीना पूर्ति के साथ सदर प्रखंड के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बरकेला स्थित ससुराल गए थे।
रविवार की रात दोनों मोटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान लगिया मोड़ के समीप अचानक उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने आकाश के ससुराल पक्ष को घटना की सूचना दी। इसके बाद उनके परिजनों को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा ले जाने लगे।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद आकाश पूर्ति को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई थी।
दुर्घटना में घायल मीना पूर्ति का सदर अस्पताल में उपचार जारी है। उनके दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई है और हाथ टूट गया है।
आकाश की बहन क्रिस्टीना बानरा और बेटे हरिचरण पूर्ति ने बताया कि आकाश खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके चार बच्चे हैं। परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा आकाश ही थे।


