दुमका। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार रविवार को दुमका जिला कांग्रेस भवन में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष स्टीफन मरांडी ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में डॉ संजय सेबेस्टियन मरांडी ने उपस्थित पत्रकारों को संबोधित किया।
प्रेस वार्ता के दौरान डॉ संजय सेबेस्टियन मरांडी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते दो वर्षों से नए युवा मतदाताओं का पंजीकरण जानबूझकर रोका गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश के युवाओं और जेन-जी से पूरी तरह डरी हुई है। यही कारण है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने एसएसआर यानी स्पेशल समरी रिवीजन जैसी वैधानिक प्रक्रियाओं को पूरी तरह ठप कर दिया। अब जब इस मामले की सच्चाई सबके सामने आ चुकी है, तो चुनाव आयोग अपनी इज्जत बचाने के लिए आनन-फानन में युवा पंजीकरण शिविर लगाने का नाटक कर रहा है, जो कि केवल एक लीपा-पोती है।
डॉ मरांडी ने इतिहास का हवाला देते हुए याद दिलाया कि दिसंबर 1988 में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सरकार ने संविधान के अनुच्छेद 326 में संशोधन करके मतदान की न्यूनतम आयु को 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष किया था ताकि युवाओं को देश निर्माण में भागीदारी मिल सके। इसके ठीक विपरीत, आज की मोदी सरकार युवाओं और छात्रों के अधिकारों को छीनना चाहती है और उनका नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रोक रही है।
चुनाव आयोग पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि देशव्यापी विरोध के कारण ज्ञानेश कुमार ने मेरठ और वाराणसी में अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम भी स्थगित कर दिए हैं, क्योंकि अब वे जनता के सामने मुंह दिखाने लायक नहीं बचे हैं। डॉ मरांडी ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के पास अब केवल दो ही रास्ते बचे हैं; या तो वे अपने पद से तुरंत इस्तीफा दें, या फिर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सुझाव को मानते हुए सरकारी गवाह बन जाएं और देश को बताएं कि वोट चोरी के असली साजिशकर्ता कौन हैं।
इस महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता के दौरान झारखंड प्रदेश कांग्रेस के महासचिव श्यामल किशोर सिंह, प्रदेश सचिव अरबी खातून, संजीत सिंह, प्रेम कुमार साह, अरविंद कुमार, शहरोज शेख, विजय मरांडी, विवेक मंडल और तोबियस मुर्मू सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


