जरमुंडी। राजासिमरिया पंचायत के अंतर्गत ग्राम बाघमारा में किसानों के लिए लगाए गए सिंचाई बिजली कनेक्शन के तार चोरों द्वारा काट लिए जाने के एक साल बाद भी बिजली विभाग ने आज तक सुध नहीं ली। यह खेतों की सिंचाई के लिए दिया गया कनेक्शन है। किसानों ने बताया कि तार चोरी की घटना के समय ही स्थानीय मिस्त्री द्वारा विभाग को सूचना दे दी गई थी, लेकिन साल भर बीत जाने के बाद भी विभाग ने किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की। सिंचाई का तार नहीं रहने से किसान समय पर पटवन नहीं कर पा रहे हैं, जिससे खेती पर सीधा असर पड़ रहा है। स्थल पर देखा गया कि कुल 37 बिजली पोलों से सिंचाई लाइन का तार चोरों द्वारा काट लिया गया है।
इस संदर्भ में सांसद प्रतिनिधि जय प्रकाश मंडल ने कहा कि यह किसानों के साथ अन्याय है। सिंचाई के अभाव में किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। इस मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को देकर अविलंब सिंचाई का तार लगाने और बिजली बहाल करने की मांग की जाएगी।
इस मौके पर राजेश मुर्मू, शनिलाल मुर्मू, मनोज मुर्मू, नरेश हेंब्रम, प्रदीप हेंब्रम, अनिल मुर्मू, आनंद टुडू, नीरज मरांडी, राजेश मरांडी सहित कई किसान उपस्थित थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


