मुंबई। डांस रियलिटी शो से अपनी पहचान बनाने के बाद डांसर से एक्टर बने राघव जुयाल ने एक सफल टीवी होस्ट के तौर पर अपनी अलग जगह बनाई। इसके बाद उन्होंने फिल्मों की दुनिया में भी कदम रखा। अब राघव अपने करियर का एक और नया और रोमांचक चैप्टर शुरू करने जा रहे हैं। वह पहली बार तेलुगु सिनेमा में नजर आने वाले हैं, और इस सफर ने उन्हें काफी कुछ नया सीखने का मौका दिया है। उन्हें तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में काम करने का तरीका और वहां के लोगों का सिनेमा के प्रति जुनून काफी पसंद आया। राघव जल्द ही साउथ के सुपरस्टार नानी स्टारर फिल्म द पैराडाइज में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन श्रीकांत ओडेला कर रहे हैं और राघव इसमें विक्रम मलिक का चुनौतीपूर्ण किरदार निभा रहे हैं। तेलुगु इंडस्ट्री में पहली बार काम करने के अनुभव के बारे में बात करते हुए राघव ने अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। उन्होंने कहा, मैंने वहां सिनेमा को लेकर एक अलग ही जुनून देखा। वहां लोग सिर्फ एक प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए काम नहीं करते, बल्कि इस सिनेमा को सेलिब्रेट करते हैं।
राघव ने आगे बताया कि इस फिल्म के दौरान उन्होंने एक ऐसी चीज महसूस की, जिसे वह अपने काम में भी शामिल करना चाहते हैं। तेलुगु इंडस्ट्री में लोग सिनेमा की बहुत इज्जत करते हैं। खास तौर पर फिल्म के हर टेक्नीशियन को मिलने वाला सम्मान देखकर मैं भावुक हो गया। एक पल ऐसा आया कि मेरी आंखों में आंसू आ गए, जब मैंने देखा कि वहां फिल्म के साउंड इंजीनियर तक को उतनी ही अहमियत दी जाती है, जितनी किसी बड़े कलाकार को। राघव के लिए यह अनुभव काफी खास था, क्योंकि इससे उन्हें यह समझ आया कि फिल्म सिर्फ हीरो या हीरोइन की वजह से नहीं बनती, बल्कि उसके पीछे काम करने वाले हर व्यक्ति का योगदान होता है। उन्होंने जोर देकर कहा, वहां लोग सेट पर केवल अपना काम खत्म करने के इरादे से नहीं आते।
वह सिनेमा को सेलिब्रेट करने के लिए आते हैं। यही वह चीज है जो मैंने तेलुगु इंडस्ट्री से सीखी और अब मैं चाहता हूं कि मेरे काम में भी यह सोच दिखाई दे। उन्होंने इस बात पर भी हैरानी जताई कि वहां के दर्शक भी फिल्म से जुड़े हर व्यक्ति को पहचानते हैं और उनके काम को सराहते हैं। राघव ने फिल्म के निर्देशक श्रीकांत ओडेला की भी जमकर तारीफ की है। वह उन्हें प्यार से श्रीकांत दादा कहकर बुलाते हैं। राघव ने बताया, श्रीकांत का मुझ पर काफी गहरा असर पड़ा है। इस फिल्म के जरिए मैं पहली बार तेलुगु फिल्मों में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहा हूं और निर्देशक के साथ काम करना मेरे लिए एक अविस्मरणीय अनुभव रहा। द पैराडाइज में राघव और नानी के अलावा मोहन बाबू, सोनाली कुलकर्णी और संपूर्णेश बाबू भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।


