जामताड़ा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत शनिवार को कुंडहित प्रखंड के अंबा पंचायत सभागार में संचालित शिविर का संताल परगना प्रमंडल, दुमका के आयुक्त शैलेन्द्र कुमार लाल ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में पहुंचे मतदाताओं से संवाद कर पुनरीक्षण प्रक्रिया में आ रही परेशानियों की जानकारी ली।
आयुक्त ने दस्तावेजों की जांच, सत्यापन, आवेदन प्राप्त करने और मतदाता सूची में नाम दर्ज करने की प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम सूची से छूटने न पाए। साथ ही अपात्र व्यक्तियों के नाम शामिल होने से रोकने के लिए दस्तावेजों की जांच पूरी सतर्कता के साथ करने को कहा।
उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, विश्वसनीय और त्रुटिमुक्त बनाना है। शिविर में आने वाले लोगों को दस्तावेज संबंधी दिक्कत होने पर प्रशासन की ओर से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
आयुक्त ने पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने और मतदाताओं की शिकायतों को गंभीरता से सुनने पर जोर दिया। इससे लोगों का निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति भरोसा मजबूत होगा।
इससे पहले प्रखंड कार्यालय पहुंचने पर पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। मौके पर जिले के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बीडीओ मोहम्मद जमाले राजा सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।


