जामताड़ा। जामताड़ा थाना क्षेत्र के खरनी गांव निवासी छह वर्षीय बच्चे की बुधवार को धनबाद पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों के अनुसार, शनिवार को तरणी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित टीकाकरण अभियान के दौरान बच्चे को बूस्टर डोज दिया गया था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे परिजन गंभीर हालत में बच्चे को नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे धनबाद पीएमसीएच रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
नारायणपुर सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एके सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बच्चे में निमोनिया के लक्षण प्रतीत हो रहे थे। उन्होंने कहा कि उसी वाइल से अन्य बच्चों को भी टीका दिया गया था, लेकिन किसी अन्य बच्चे में स्वास्थ्य संबंधी परेशानी सामने नहीं आई। चिकित्सक के मुताबिक, बच्चे की मौत और टीकाकरण के बीच संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है। मौत के वास्तविक कारण का पता स्वास्थ्य विभाग की जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही चल सकेगा।


