पूर्वी सिंहभूम । पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र के काशिदा न्यू कॉलोनी में मां की हत्या के मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी। आरोप है कि छोटे बेटे ने मामूली बात पर अपनी 56 वर्षीय मां उमा गोस्वामी के सिर पर लकड़ी की कुंदी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर के एक कमरे में बंद कर दिया और करीब तीन दिनों तक सामान्य तरीके से घर में रहता रहा। सोमवार की रात घर से तेज दुर्गंध निकलने के बाद पड़ोसियों को संदेह हुआ, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ।
मृतका उमा गोस्वामी घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी थीं। वह काशिदा न्यू कॉलोनी स्थित अपने मकान में छोटे बेटे गोवर्धन गोस्वामी के साथ रहती थीं। उनका बड़ा बेटा गिरधारी गोस्वामी दुमका गांव में रहता है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गोवर्धन ने अपनी मां की हत्या करने की बात स्वीकार की है। बताया गया कि शनिवार की सुबह उमा गोस्वामी ने अपने बेटे से अस्पताल चलने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर गोवर्धन कथित तौर पर गुस्से में आ गया और घर में रखी लकड़ी की कुंदी से मां के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उमा की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को घर के एक कमरे में रखकर बाहर से कुंडी लगा दी और खुद दूसरे कमरे में रहने लगा। वह सामान्य रूप से घर से बाहर आता-जाता रहा और बाहर से खाना-पानी लाकर घर में रहता था।
सोमवार की रात घर के आसपास तेज दुर्गंध फैलने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने इसकी जानकारी उमा की बेटी प्रमिला गोस्वामी को दी। प्रमिला के मौके पर पहुंचने के बाद मामले की सूचना घाटशिला पुलिस को दी गई। पुलिस स्थानीय मुखिया और ग्रामीणों के साथ देर रात घर पहुंची। मकान की जांच के दौरान एक कमरे में बाहर से कुंडी लगी मिली। कमरा खोलने पर उमा गोस्वामी का शव मुंह के बल पड़ा मिला। शव से तेज दुर्गंध निकल रही थी।
प्रमिला गोस्वामी के लिखित आवेदन पर घाटशिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) और 238(ए) के तहत मामला दर्ज कर गोवर्धन गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लकड़ी की कुंदी भी बरामद कर ली है।
घटना के बाद मंगलवार को घाटशिला महिला थाना प्रभारी मंजुश्री कुंकल अनुमंडल अस्पताल पहुंचीं और शव से संबंधित कागजी प्रक्रिया पूरी कराई। मृतका के दामाद प्रेम कुमार पटना और राहुल सिंह नरसिंहगढ़ से अस्पताल पहुंचे।
अस्पतालकर्मी बासुदेव सीट और समाजसेवी कालीराम शर्मा के सहयोग से शव को पोस्टमार्टम के लिए 45 किलोमीटर दूर जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेजा गया। करमा पूजा के कारण मंगलवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


