संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा (पाकुड़)। अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार निवासी विजय भगत की पुत्री साक्षी कुमारी ने कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की सीजीएल-2025 परीक्षा में ऑल इंडिया 947वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है। साक्षी का चयन केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के अधीन आयकर विभाग में ऑफिस सुपरिंटेंडेंट के पद पर हुआ है।मंगलवार को पटना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने साक्षी को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। नौकरी के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखते हुए साक्षी ने इससे पहले एसएससी एमटीएस, एसएससी सीएचएसएल और एसएससी सीजीएल-2024 में भी सफलता हासिल की थी।साक्षी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ज्ञान भारती विद्यालय, अमड़ापाड़ा से पूरी की। इसके बाद जवाहर नवोदय विद्यालय, सितमपुर से मैट्रिक, एसपी कॉलेज दुमका से इंटर तथा अरविंद महिला कॉलेज, पटना से अंग्रेजी ऑनर्स में स्नातक की पढ़ाई पूरी की।नियुक्ति पत्र मिलने के बाद साक्षी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, दादी और गुरुजनों को दिया। उनकी उपलब्धि से अमड़ापाड़ा सहित पूरे पाकुड़ क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने साक्षी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


