फ्लिपकार्ट, अमेजन, एयरटेल पेमेंट बैंक और फोनपे के नाम पर ठगी का आरोप
सात मोबाइल और छह सिम बरामद
देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस की कार्रवाई में पांच संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि और बैंक अधिकारी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। इनके पास से सात मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के आदेश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 22 सितंबर 2026 को देवीपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपित फ्लिपकार्ट और अमेजन पे के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी तथा गूगल पर उपलब्ध फोनपे कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों से संपर्क करते थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना के नाम पर भी लोगों को झांसे में लेकर ठगी करने की बात सामने आई है।
एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपित पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजते थे। फाइल डाउनलोड कराने के बाद मोबाइल का एक्सेस लेकर ठगी करने का आरोप है। इसके अलावा फर्जी गूगल पे, फोनपे और पेटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का झांसा देने की बात भी सामने आई है। जांच में यह भी पता चला कि आरोपित खुद को एयरटेल पेमेंट बैंक का अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेते थे। एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से पेमेंट बैंक कार्ड बंद कराने और बाद में सहायता के नाम पर उसे दोबारा चालू कराने का झांसा देकर ठगी करने का आरोप है।
पांचों आरोपित देवघर जिले के रहने वाले
गिरफ्तार आरोपितों में करौं थाना क्षेत्र के बदिया गांव निवासी कुर्बान अंसारी, उम्र करीब 29 वर्ष और इस्लाम अंसारी, उम्र करीब 34 वर्ष शामिल हैं। दोनों हारून मियां के पुत्र बताए गए हैं। इसके अलावा बुढ़ई थाना क्षेत्र के दार्वे गांव निवासी रूपेश कुमार मंडल, उम्र करीब 18 वर्ष, महेन्द्र मंडल, उम्र करीब 32 वर्ष और सुरेश कुमार, उम्र करीब 32 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है। रूपेश बलराम मंडल के पुत्र, महेन्द्र जगदीश मंडल के पुत्र और सुरेश गिरजा मंडल के पुत्र बताए गए हैं।
विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें मिलीं
पुलिस ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। तकनीकी जांच के दौरान जब्त मोबाइल नंबर और आईएमईआई नंबरों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज पाए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, सुरेश मंडल देवघर साइबर थाना कांड संख्या 22/21 और इस्लाम अंसारी देवघर साइबर थाना कांड संख्या 81/23 में भी आरोपित हैं।
छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
छापेमारी दल में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक नागेन्द्र प्रसाद सिन्हा, देवीपुर थाना प्रभारी मनोरंजन महतो और देवीपुर थाना की पुलिस टीम शामिल थी।


