पूर्वी सिंहभूम । एमजीएम थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से 510 पुड़िया ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन और एक पल्सर बाइक बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ओडिशा के सुरज थापा (32) और करण कुमार (25) के रूप में हुई है। मामले की जानकारी पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार ने मंगलवार को पुलिस ऑफिस में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। डीएसपी ने बताया कि 22 सितंबर को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज और रिपिट कॉलोनी के आसपास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने रिपिट कॉलोनी के पीछे काली मंदिर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल दोनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर सुरज थापा के पास से 437 पुड़िया और करण कुमार के पास से 73 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों के पास से एक सैमसंग टचस्क्रीन मोबाइल और एक नोकिया कीपैड मोबाइल के अलावा काले रंग की पल्सर बाइक संख्या जेएच05ईजे-5734 भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्तता स्वीकार की है। इस संबंध में एमजीएम थाना में मामला दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक सुरज थापा के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और चोरी सहित कई मामले दर्ज हैं। इनमें हाटगम्हरिया, मानगो, पोटका, सिदगोड़ा, मुसाबनी, जादूगोड़ा और घाटशिला थाना क्षेत्र के मामले शामिल हैं। वहीं करण कुमार के खिलाफ बिरसानगर थाना में एनडीपीएस एक्ट और चोरी से संबंधित मामले दर्ज हैं।
छापेमारी टीम में एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक आनंद कुमार, सुगना मुंडा, नारकोटिक्स सेल के अमित कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मो माजिद उद्दीन सहित एमजीएम थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।


