जामताड़ा। झारखंड के राजकीय पर्व करम के अवसर पर बड़जोड़ा में बिरसा बिनोद करम अखड़ा के तत्वावधान में भव्य करम महोत्सव आयोजित किया गया। बिनोद बिहारी महतो चौक स्थित मैदान में हुए आयोजन में आसपास के करीब 30 गांवों से हजारों लोग पहुंचे। पारंपरिक गीत-संगीत और वाद्य यंत्रों की धुन से पूरा माहौल उत्सवमय बना रहा। महोत्सव में 21 करम अखड़ा टीमों ने हिस्सा लेकर पारंपरिक नृत्य और गीतों की प्रस्तुति दी। महिला-पुरुषों के साथ युवाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक नृत्य में भाग लिया। आयोजन के दौरान सामूहिक नृत्य-गायन के जरिए सामाजिक एकजुटता, भाईचारे और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया।
आयोजकों ने बताया कि करम पर्व भाई-बहन के स्नेह, सुख-समृद्धि और प्रकृति संरक्षण से जुड़ी झारखंड की समृद्ध परंपरा है। महोत्सव का उद्देश्य लोक संस्कृति को जीवंत रखना और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना है।
कार्यक्रम में दीपक महतो केसरियार, मनतोष कुमार महतो, मनोज कुमार महतो, अष्टम महतो, सनोज महतो, शशि भूषण महतो, मुखिया खुश्बू टुडू, देवनाथ मुर्मू, गणेश किस्कू, दुर्गा मुर्मू, अरुण महतो, कमल चंद्र महतो, कंचन मांझी, मिहिर मंडल, ज्योत्सना, अर्चना, रामचंद्र महतो, बबलू महतो, युगल किशोर महतो, अशोक मंडल और बिजली देवी समेत कई जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।


