संताल एक्सप्रेस संवाददाता
हिरणपुर (पाकुड़)। हिरणपुर प्रखंड के तोड़ाई पंचायत अंतर्गत पतरापाड़ा गांव में मंगलवार को पारंपरिक रीति-रिवाज और श्रद्धा के साथ करम पूजा महोत्सव मनाया गया। पूजा को लेकर सुबह से ही गांव में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने विधि-विधान के साथ करम डाली की स्थापना कर पूजा-अर्चना की।करम पूजा के दौरान महिलाओं और युवतियों में विशेष उत्साह देखा गया। बहनों ने करम डाली और जावा की पूजा कर अपने भाइयों की लंबी उम्र, स्वस्थ जीवन और सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं ग्रामीणों ने गांव में सुख-शांति, खुशहाली और अच्छी फसल के लिए करम देवता से प्रार्थना की। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए करम देवता की आराधना की।पूजा-अर्चना के बाद पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य का आयोजन हुआ। मांदर की थाप और लोकगीतों पर महिलाओं, युवतियों और ग्रामीणों ने जमकर नृत्य किया। बच्चों और युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। देर शाम तक पूरा गांव उत्सव के रंग में डूबा रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि करम पूजा प्रकृति, कृषि और सामाजिक एकता से जुड़ा महत्वपूर्ण पारंपरिक पर्व है। यह भाई-बहन के प्रेम, आपसी भाईचारे और सुख-समृद्धि की कामना का प्रतीक माना जाता है।मौके पर जेएलकेएम के प्रखंड उपाध्यक्ष लालचंद राय, अधिवक्ता मोहन राय, राम किशोर राय, राजू राय, चांदू राय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।


