जामताड़ा। मंगलवार को जामताड़ा गणेश मेला परिसर में गणेश प्रतिमा के दर्शन करने पहुंची दक्षिणबहाल की एक बच्ची की साइकिल चोरी हो गई। करीब सुबह 11 बजे हुई इस घटना से बच्ची का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरी वारदात पंडाल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।
जानकारी के मुताबिक बच्ची साइकिल में ताला लगाकर पंडाल के बाहर खड़ी कर दर्शन के लिए अंदर गई थी। इसी दौरान पहले से ताक लगाए एक युवक ने मौका देखकर साइकिल को उठाया और वहां से निकल गया। फुटेज में संदिग्ध युवक नीली टी-शर्ट और सिर पर लाल गमछा बांधे दिखाई दे रहा है। बताया गया कि घटना के वक्त पूजा समिति के अधिकांश सदस्य यज्ञस्थल पर पूर्णाहुति में शामिल थे।
बच्ची के लौटने पर साइकिल गायब मिली। सूचना मिलते ही समिति सदस्यों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


