● डॉ शमीम अंसारी ने लगातार दूसरी बार संभाली अध्यक्ष पद की कमान, नई कमेटी ने ली समाज सेवा की शपथ।
● उप जिलापाल सुजीत कुमार ने कहा- 50 वर्ष केवल समय नहीं, बल्कि संघर्ष और उपलब्धियों की गौरवशाली यात्रा है।
● समारोह में लायंस क्लब के गौरवशाली इतिहास को किया गया याद, वर्ष 2025-26 के कार्यों की पेश हुई विस्तृत रिपोर्ट।
ब्यूरो
दुमका। ‘वी सर्व’ यानी ‘हम सेवा करते हैं’ के मूल मंत्र को चरितार्थ करते हुए लायंस क्लब दुमका सं. प. ने समाज सेवा के क्षेत्र में अपने 50 गौरवशाली वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर रविवार देर रात शहर के द सिटी गार्डन में संस्था का 50वां वार्षिक उत्सव सह स्वर्ण जयंती एवं शपथ ग्रहण समारोह बड़े ही हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सत्र 2026-2027 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें लायन डॉ शमीम अंसारी ने लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद की शपथ लेकर सेवा का संकल्प दोहराया।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट 322 ए के उप जिलापाल पीएमजेएफ लायन सुजीत कुमार ने शिरकत की। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 50 वर्ष किसी भी संस्था के लिए केवल एक समयावधि नहीं है, बल्कि यह सेवा, समर्पण, संघर्ष और उपलब्धियों की एक गौरवशाली यात्रा होती है। इन पांच दशकों में क्लब ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और मानव कल्याण के क्षेत्र में जो उत्कृष्ट कार्य किए हैं, वे निश्चित रूप से प्रशंसनीय हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाना और समाज में जागरूकता फैलाना ही सच्ची सेवा है।
शपथ ग्रहण समारोह की अध्यक्षता करते हुए इंस्टॉलिंग ऑफिसर सह पूर्व जिलापाल एमजेएफ लायन सिद्धार्थ मजूमदार ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि आज स्वर्ण जयंती के अवसर पर उन सभी पूर्व सदस्यों को याद करने का दिन है, जिनके पसीने और समर्पण की नींव पर यह संस्था खड़ी है। शपथ लेने वालों में अध्यक्ष डॉ शमीम अंसारी के साथ उपाध्यक्ष लायन डॉ अमूल्य कुमार पाल, डॉ सुनील जायसवाल व राजेश कुमार चौरसिया, सचिव डॉ अमूल्य कुमार पाल, संयुक्त सचिव संदीप पटवारी, कोषाध्यक्ष राकेश सिंघानिया, संयुक्त कोषाध्यक्ष अमित कुमार, जनसंपर्क पदाधिकारी रमण कुमार वर्मा, मेंबरशिप चेयरमैन डॉ अमिता रक्षित सहित अन्य पदाधिकारी व डायरेक्टर शामिल रहे।
दूसरी बार क्लब के अध्यक्ष बने डॉ शमीम अंसारी ने इसे अपने लिए अत्यंत गौरव और भावुकता का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह पद केवल सम्मान नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। समारोह में विशिष्ट अतिथि पीएमजेएफ लायन गणेश प्रसाद सिंह और जोन चेयरपर्सन एमजेएफ लायन सतीश कुमार ने क्लब के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि लायंस क्लब इंटरनेशनल विश्व स्तर पर समाज सेवा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत इंस्टॉलेशन चेयरमैन डॉ अमिता रक्षित के स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद निवर्तमान सचिव प्रदीप्तो मुखर्जी ने सत्र 2025-26 में क्लब द्वारा किए गए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट पेश की, जबकि पूर्व कोषाध्यक्ष डॉ सुनील जायसवाल ने आय-व्यय का ब्यौरा रखा। कार्यक्रम का सफल संचालन जनसंपर्क पदाधिकारी लायन रमण कुमार वर्मा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ अमूल्य कुमार पाल ने किया।
इस भव्य समारोह में लायन संजीव कुमार गुप्ता, सुनील कुमार साहा, अमित कुमार पटवारी, शहनाज परवीन, सदाशिव गुप्ता, संजीत कुमार सिंह, अंजनी शरण, राजकिशोर सिंह, शिव सरिता, अनुपमा वर्मा, सीमा घोष, नीता चौरसिया, रीमा देवी, पिंकी शरण, पूजा पटवारी सहित शहर के कई गणमान्य लोग, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडियाकर्मी और क्लब के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद थे।


