भागलपुर का एक और बासुकीनाथ के दो युवक ड्रग्स की पुड़िया के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार, 3.75 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त.
डीएसपी के समक्ष हुई तलाशी, हंसडीहा से ड्रग्स लाकर स्थानीय युवाओं को करते थे सप्लाई.
जरमुंडी थाना में NDPS ACT के तहत मामला दर्ज, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस.
जरमुंडी (दुमका)। जरमुंडी थाना क्षेत्र के बासुकीनाथ में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सुनसान पड़े बासुकीनाथ मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स के पास छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों के पास से 3.75 ग्राम ब्राउन शुगर (कुल 18 पुड़िया), 19,450 रुपये नकद, एक एसबीआई एटीएम कार्ड और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत जरमुंडी थाने में कांड संख्या 04/26 दर्ज कर लिया है.
———————-
बासुकीनाथ के खंडहर में चल रहा था ड्रग्स का खेल
पुलिस को 20 सितंबर की तड़के करीब चार बजे यह गुप्त सूचना मिली थी कि बासुकीनाथ स्थित खंडहर हो चुके मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स में कुछ युवक ड्रग्स का धंधा कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) दुमका, संदीप भगत को मामले की जानकारी दी गई. इसके बाद सहायक अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, गिरिधारी महतो, निर्मल कुमार सिंह और सशस्त्र बल के जवानों ने सुबह 5.45 बजे मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी. इस दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे तीन युवकों को जवानों ने धर दबोचा. कुछ ही देर में सुबह 6.10 बजे डीएसपी संदीप भगत भी दलबल के साथ वहां पहुंच गए. गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र स्थित कुरपट का सुदर्शन कुमार गोस्वामी (25), बासुकीनाथ दया वाटिका के पीछे रहने वाला शशि कुमार उर्फ शशि शेखर (19) और बासुकीनाथ एनएसी के पीछे का निवासी शिवम गुप्ता (25) शामिल हैं.
———–
*हंसडीहा से खरीद बासुकीनाथ में बेचते थे नशा, पुलिस ने दबोचा*
डीएसपी संदीप भगत और स्वतंत्र गवाहों के समक्ष नियमानुसार इन युवकों की तलाशी ली गई. तलाशी में सुदर्शन के पास से 0.590 ग्राम, शशि के पास से 1.240 ग्राम और शिवम के पास से 1.92 ग्राम (कुल 3.75 ग्राम) ब्राउन शुगर बरामद हुआ. इसके अलावा शिवम के पर्स से 19,450 रुपये नकद व एटीएम कार्ड तथा तीनों के पास से मोबाइल फोन मिले हैं. डीएसपी की मौजूदगी में डीडी किट से जांच करने पर बरामद पदार्थ के प्रथम दृष्टया ब्राउन शुगर होने की पुष्टि हुई. वैध कागजात मांगने पर तीनों कोई जवाब नहीं दे सके.
पुलिसिया पूछताछ में तस्करों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उन्होंने पुलिस को बताया कि वे हंसडीहा (दुमका) की तरफ से ब्राउन शुगर खरीदकर लाते थे और बासुकीनाथ में स्थानीय युवाओं के बीच इसे बेचते थे. वे खुद भी इस नशे के आदी हैं. सभी जब्त सामानों की सूची बनाकर तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर थाना लाया गया. पुलिस अब इस काले धंधे से जुड़े अन्य खरीद-बिक्री करने वालों की तलाश में जुट गई है.
———-
तलाशी में मिली बरामदगी
– सुदर्शन कुमार गोस्वामी के पास से दाहिने पॉकेट से 04 पुड़िया ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ, नकद और एक OPPO कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल
– शशि कुमार उर्फ शशि शेखर के पास से बाएं पॉकेट से पीले प्लास्टिक के पाउच में 08 पुड़िया ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ और OPPO का मोबाइल (IMEI 865725070643651)
– शिवम गुप्ता के पास से दाहिने पॉकेट से 06 पुड़िया ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ, SBI का एटीएम, एक पर्स में रखा 19,450 रुपए नकद और एक रेडमी कंपनी का मोबाइल


