संताल एक्सप्रेस संवाददाता
जरमुंडी । जरमुंडी थाना क्षेत्र में उत्तम माइक्रोफाइनेंस कंपनी के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि उत्तम माइक्रोफाइनेंस ग्रुप के एजेंटों ने ग्रामीण महिलाओं को ग्रुप ऋण दिलाने का झांसा देकर पैसे वसूले और कार्यालय बंद कर फरार हो गए।
पीड़ित महिलाओं के अनुसार हर ग्रुप में 7 से 15 सदस्यों को जोड़ा गया। प्रत्येक सदस्य से 3000 से 3500 रुपये तक खाता खोलने और फाइल चार्ज के नाम पर लिए गए। रसीद भी दी गई, लेकिन उसमें तारीख नहीं थी। महिलाओं को कहा गया था कि 1-2 दिन में लोन की राशि खाते में आ जाएगी और दुमका और जरमुंडी ऑफिस बुलाया गया। जब महिलाएं ऑफिस पहुंची तो वहां ताला लगा था और पोस्टर भी गायब था। इसके बाद एजेंटों के मोबाइल बंद आने लगे। थक-हार कर जरमुंडी, शिकारीपाड़ा, सरैयाहाट क्षेत्र की दर्जनों महिलाएं थाना पहुंची हैं।
इस संबंध में जरमुंडी थाना में आवेदन देने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद संबंधित थानों में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि फर्जी माइक्रोफाइनेंस कंपनियों पर सख्त कार्रवाई हो ताकि भोली-भाली महिलाएं फिर से ठगी का शिकार न हों।


