नई दिल्ली । प्रेम और भक्ति के अनूठे संगम बरसाना में आज भी राधा-कृष्ण का अमर प्रेम जीवंत है। वृषभानु नंदनी राधारानी का जन्मोत्सव यहां बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्ति के रंगों से सराबोर किया है। राधारानी के निज महल को भव्य तरीके से सजाया गया है और उत्सव में शामिल होने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालुओं का बरसाना पहुंचे है। यह स्थान सिर्फ एक तीर्थ नहीं, बल्कि राधा रानी और भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य प्रेम की अनूठी कहानियों को सजीव रखने वाला एक पवित्र धाम है, जहां जिंदगी में एक बार हर किसी को जरूर जाना चाहिए।
बरसाना की यात्रा इन्हीं प्रेम गाथाओं में डूबने का मौका देती है। यहां के मंदिरों और स्थलों में सबसे प्रमुख है श्री राधा रानी मंदिर, जिस करोड़ों भक्त लाडली जी का मंदिर भी कहते हैं। ब्रह्मांचल पर्वत की ऊंचाइयों पर स्थित यह मंदिर राधा रानी के दुलारे और प्रिय रूप की आराधना का केंद्र है। इसकी प्राचीन वास्तुकला और धार्मिक आस्था का अद्भुत मिश्रण विशेष बनाता है। राधाष्टमी और होली जैसे महापर्वों पर यहां हजारों भक्तों का तांता लगा रहता है।
निकट ही स्थित माणगढ़ पहाड़ी पर माणगढ़ मंदिर बना है, जो राधारानी की बाल्यकाल की लीलाओं और उनके सखाओं के साथ बिताए गए क्षणों को दिखाता है। यहां की शांत और प्राकृतिक सुंदरता भक्तों को गहरे आध्यात्मिक अनुभव से भर देती है। इसके अलावा, बरसाना के पास ही कृष्ण कुंड है, जिसके बारे में मान्यता है कि यह राधा और कृष्ण की जल क्रीड़ाओं का साक्षी रहा है। इस कुंड के जल को अत्यंत पवित्र माना जाता है, और इसमें स्नान कर भक्त स्वयं को शुद्ध अनुभव करते हैं। प्रेम और भक्ति का एक और अनुपम स्थान है राधा बाग, जो कि राधा रानी के सुंदरतम बागों में से एक माना जाता है, जहां वे अपनी सखाओं के साथ विभिन्न लीलाएं रचाती थीं। यह बाग प्रकृति की सुंदरता और राधा-कृष्ण की प्रेम लीलाओं का अद्भुत संगम है।
बरसाना का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व अतुलनीय है। यह स्थान राधा रानी की लीलाओं से ओत-प्रोत है और भक्तों के लिए उनके प्रति अपार श्रद्धा और भक्ति का केंद्र बना हुआ है। यहां की पहाड़ियां, कुंड और मंदिर राधा-कृष्ण के अमर प्रेम की कहानियों को पीढ़ी दर पीढ़ी संजोए हुए हैं। बरसाना के मंदिरों में दर्शन का अनुभव भक्तों के लिए एक ऐसी आध्यात्मिक यात्रा होती है, जो उन्हें श्रीकृष्ण और राधा रानी के अलौकिक प्रेम की गहन अनुभूति कराती है। यह वह भूमि है जहां हर कण में दिव्य प्रेम की सुगंध बसी है।


