देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ चल रही कार्रवाई में देवघर पुलिस ने 10 संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी की गिरफ्तारी 18 सितंबर को पथरड्डा ओपी क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 18 सिम कार्ड और एक एटीएम कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी फर्जी फ्लिपकार्ट और अमेजन पे कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी तथा गूगल पे और फोनपे कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेने की बात भी जांच में सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कैशबैक का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे। एयरटेल पेमेंट बैंक के नाम पर भी उपभोक्ताओं को झांसे में लेकर एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से कार्ड बंद कराने और दोबारा चालू कराने के नाम पर ठगी करने का आरोप है।
कई राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से जब्त मोबाइल नंबर और आईएमईआई नंबरों की तकनीकी जांच में विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस इन मामलों की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों में महेश राणा, गौतम राणा, पांडव महतो, शुभम यादव, उत्तम राणा, लालूमोहन राणा, कैलाश दास, कुन्दन कुमार दास, मनुवर अंसारी और छलबली कुमार शामिल हैं। सभी देवघर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, उत्तम राणा के खिलाफ साइबर थाना देवघर कांड संख्या 38/21, कैलाश दास के खिलाफ कांड संख्या 102/24, कुन्दन कुमार दास के खिलाफ कांड संख्या 85/20 और मनुवर अंसारी के खिलाफ कांड संख्या 81/20 में पहले से मामला दर्ज है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में की गई। छापेमारी दल में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक अजय कुमार और पथरड्डा ओपी प्रभारी मोतीराम देवगम सहित पथरड्डा ओपी की पुलिस टीम शामिल थी।


