शिकायत के लिए डीएमसी की हेल्पलाइन जारी, नगर निगम ने अंधेरे वाले स्थानों को किया चिह्नित
देवघर। शहर को रोशन और सुरक्षित बनाने के लिए नगर निगम क्षेत्र में 550 नई आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने का काम तेजी से चल रहा है। प्रमुख सड़कों, चौराहों और मोहल्लों के उन स्थानों को प्राथमिकता दी गई है, जहां शाम होते ही अंधेरा छा जाता था। नई लाइटें लगने से रात में राहगीरों और वाहन चालकों को बेहतर दृश्यता मिलने के साथ दुर्घटनाओं का जोखिम कम होने की उम्मीद है। नगर निगम के अनुसार, महापौर, उपमहापौर, पार्षदों और स्थानीय निवासियों से मिले फीडबैक के आधार पर 550 स्थानों का चयन किया गया है। इनमें प्रमुख सड़कों के साथ आंतरिक मोहल्ले, संकरी गलियां और ऐसे मोड़ शामिल हैं, जहां रात में आवाजाही में परेशानी होती थी। स्ट्रीट लाइट लगने से रात में पैदल चलने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए भी आवाजाही आसान होगी। निगम का कहना है कि रोशनी की बेहतर व्यवस्था से सुनसान इलाकों में असामाजिक गतिविधियों और छिनतई जैसी घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
देवघर प्रमुख तीर्थनगरी होने के कारण यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। शहर की सड़कों और गलियों में पर्याप्त रोशनी होने से श्रद्धालुओं को मंदिर, होटल और धर्मशालाओं तक पहुंचने में भी सुविधा होगी।
रख-रखाव की निगरानी के लिए विशेष दल
स्ट्रीट लाइटों के गुणवत्तापूर्ण अधिष्ठापन और नियमित रख-रखाव की निगरानी के लिए नगर आयुक्त ने विशेष दल का गठन किया है। नगर निगम का कहना है कि लाइटों के काम और रख-रखाव की लगातार निगरानी की जाएगी।
नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने कहा कि शहर के नागरिकों को मूलभूत और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा शहर को सुरक्षित बनाना निगम की प्राथमिकता है। 550 नई एलईडी स्ट्रीट लाइटों से सड़क और गलियों में रोशनी के साथ रात्रिकालीन आवागमन को भी बेहतर बनाने का प्रयास है। उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
स्ट्रीट लाइट, चापाकल, पेयजल और सफाई से जुड़ी समस्याओं की शिकायत के लिए नगर निगम ने हेल्पलाइन नंबर 9508112201 जारी किया है। नागरिक इस नंबर पर अपनी शिकायत और सुझाव दर्ज करा सकते हैं।


