एमएमडीआर संशोधन के विरोध में बरहरवा में झामुमो का धरना
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा- खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में शनिवार को बरहरवा प्रखंड मुख्यालय परिसर में झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से धरना-प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम में राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय हांसदा मुख्य रूप से शामिल हुए. इस दौरान पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संशोधन विधेयक को वापस लेने की मांग की.धरना को संबोधित करते हुए सांसद विजय हांसदा समेत अन्य वक्ताओं ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां के खनिज संसाधनों से जुड़े अधिकार एवं हित महत्वपूर्ण हैं. पार्टी नेताओं ने दावा किया कि प्रस्तावित संशोधन के प्रावधानों से राज्य के हित प्रभावित हो सकते हैं.
उन्होंने केंद्र सरकार से झारखंड के अधिकारों एवं हितों को ध्यान में रखते हुए विधेयक पर पुनर्विचार करने की मांग की.प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर विधेयक के विरोध में आवाज बुलंद की. कार्यक्रम में पार्टी के प्रखंड एवं नगर स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे.धरना-प्रदर्शन समाप्त होने के बाद झामुमो के प्रतिनिधिमंडल ने बरहरवा के प्रखंड विकास पदाधिकारी को मांग पत्र सौंपा. मांग पत्र के माध्यम से एमएमडीआर संशोधन विधेयक को वापस लेने सहित झारखंड के खनिज संसाधनों और राज्य के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को केंद्र सरकार तक पहुंचाने की मांग की गयी.मौके पर प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल गफूर, नगर अध्यक्ष धर्मवीर महतो, वरिष्ठ नेता अब्दुल कादिर, शक्ति नाथ अमन, प्रदीप भगत, नीलकंठ साह समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद थे.


