सीबीआई जांच एवं छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग को लेकर बाबूलाल के नेतृत्व में डीसी कार्यालय का घेराव
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज- जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली की सीबीआई जांच कराने तथा पूरे राज्य में छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों एवं युवाओं पर दर्ज किए गए एफआईआर को अविलंब रद्द करने की मांग को लेकर भाजपा ने गुरुवार को आक्रोशपूर्ण आंदोलन एवं डीसी कार्यालय का घेराव किया.कार्यक्रम की शुरुआत पूर्वी फाटक स्थित शहीद भगत सिंह चौक से हुई. यहां से सैंकड़ों की संख्या में युवा, विद्यार्थी एवं भाजपा कार्यकर्ता आक्रोश मार्च के रूप में समाहरणालय पहुंच डीसी कार्यालय का घेराव कर छात्र हित से जुड़ी मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा. आंदोलन का नेतृत्व झारखंड प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा, पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम व भाजपा के जिलाध्यक्ष गौतम कुमार यादव ने किया.
जेपीएससी व जेएसएससी ने नौकरी को बेच दिया- बाबूलाल
डीसी कार्यालय का घेराव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड के नौजवान व छात्र अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं.जेपीएससी व जेएसएससी ने नौकरी को बेच दिया है. सरकार जांच नहीं करा रही है.बच्चे इसकी सीबीआई जांच कराने की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शन करने वाले हजारों बच्चों पर केस हुआ है. भाजपा उन बच्चों के समर्थन में प्रदर्शन कर रही है. उन बच्चों पर किये गए केस वापस करने व 5 वर्षों में नौकरी बेचने की सीबीआई जांच की मांग की जा रही है.
राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ स्वीकार नहीं-अनंत ओझा
साहिबगंज –पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा ने कहा कि राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा. प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता युवाओं का अधिकार है. भाजपा की मांग है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए. वहीं शांतिपूर्ण छात्र आंदोलन में शामिल युवाओं पर दर्ज मामलों को तत्काल वापस लिया जाए.
उन्होंने कहा कि छात्रों के सम्मान में भाजपा मैदान में है. जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिलता तब तक भाजपा उनकी आवाज को लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती के साथ उठाती रहेगी.
शिष्टमंडल में मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन डीसी को सौंपा
साहिबगंज –जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली की सीबीआई जांच कराने तथा पूरे राज्य में छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों एवं युवाओं पर दर्ज किए गए एफआईआर को अविलंब रद्द करने की मांग को लेकर आयोजित आक्रोशपूर्ण आंदोलन एवं डीसी कार्यालय का घेराव के बाद भाजपा नेताओं के एक शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम का ज्ञापन डीसी को सौंपा. ज्ञापन में लिखा है कि जेपीएससी/जेएसएससी द्वारा झारखंड के विभिन्न परिक्षाओं में व्यापक पैमाने पर की गई धांधली के विरोध में झारखंडी छात्रों की ओर से लगभग एक माह तक लोकतांत्रिक तरीके से शांतिपूर्ण आंदोलन किया गया था. इस दौरान झारखंड के छात्रों की आवाज दबाने के लिए विभिन्न थानों में एफडीआई दर्ज की गई थी. सर्वोच्च न्यायालय ने देश के विभिन्न राज्यों में हुए छात्र आंदोलन के दौरान किये गये एफआईआर को तत्काल रद्द करने का आदेश दिया है.भाजपा झारखंडी छात्रों के मांगों के समर्थन में सरकार से मांग करती है कि छात्र आंदोलन के दौरान एवं बाद में छात्रों के ऊपर राज्य के विभिन्न स्थानों में दर्ज एफआईआर को अभिलंब रद्द किया जाए. झारखंड सरकार की ओर से जेपीएससी/ जेएसएससी की परीक्षाओं में की गई धांधली को स्वीकार करते हुए रद्द एवं स्थगित किए गए सभी परीक्षाओं की सीबीआई जांच की अनुशंसा की जाए. आयोग के अध्यक्ष की गिरफ्तारी होने के बाद अभी तक समान रूप से दोषी आयोग के सदस्यों की भी अभिलंब गिरफ्तारी हो एवं जिन पदाधिकारी के अधिनस्थ कनिष्ठ कर्मचारियों की गिरफ्तारी धांधली के आरोप में हुई है. वैसे पदाधिकारियों की भी गिरफ्तारी करते हुए कारवाई की जाए.
मौके पर ये थे मौजूद
साहिबगंज – भाजपा का आक्रोशपूर्ण आंदोलन एवं डीसी कार्यालय का घेराव कार्यक्रम के मौके पर
सिदो कान्हू के वंशज मंडल मुर्मू, गणेश तिवारी,धमेंद्र कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल,उज्ज्वल मंडल, सुनील सिंह, राजीव चौधरी,गरिमा साह, अनंत सिंहा,मनोज यादव ,राजेश मंडल, प्रेमलाल मंडल, जय प्रकाश सिन्हा,सागर मंडल ,दिनेश पाण्डेय सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.


