संताल एक्सप्रेस
पाकुड़। झारखंड में अवैध लॉटरी पर प्रतिबंध के बावजूद पाकुड़ जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कथित रूप से इसका कारोबार तेजी से फैल रहा है। जिला मुख्यालय से लेकर विभिन्न प्रखंडों तक चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर लॉटरी टिकट की बिक्री किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे लॉटरी माफियाओं के सक्रिय होने की चर्चा है। जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय के रेलवे फाटक और बस स्टैंड समेत हिरणपुर थाना क्षेत्र के हिरणपुर, रानीपुर, डांगापाड़ा चौक और तोड़ाई में कथित रूप से लॉटरी टिकट बेचे जा रहे हैं। आरोप है कि दिहाड़ी मजदूरों और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को कम राशि में लाखों रुपये जीतने का लालच देकर इस कारोबार से जोड़ा जा रहा है। इस कारोबार को चलाने में हृदय मंडल, शमीम शेख, अमित, दुलाल, एकलाख और संदीप समेत कुछ लोगों के नाम स्थानीय स्तर पर चर्चा में हैं। इधर, महेशपुर थाना क्षेत्र में भी कथित अवैध लॉटरी कारोबार की शिकायतें सामने आई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अम्बेडकर चौक, भगत सिंह चौक, धर्मखांपाड़ा मोड़ और लखीपुर-दुबराजपुर चौक समेत कई स्थानों पर खुलेआम लॉटरी टिकट की बिक्री की जा रही है। इस कारोबार में विनोद भगत का नाम भी सामने आ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लॉटरी के नाम पर लोगों को बड़े इनाम का लालच दिया जा रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है। प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम कथित बिक्री होने से पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं।स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध लॉटरी की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


