हंसडीहा । दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के भाटीन गांव में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हुआ। यहां धोबेय नदी पर बने चेकडैम में नहाने के दौरान दो स्कूली छात्रों की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने पानी के तेज बहाव होने के कारण काफी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाले । मृतकों की पहचान रमण कुमार और उमेश सिंह के रूप में हुई है । प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रमण और उमेश रविवार शाम अपने कुछ दोस्तों के साथ चेकडैम में नहाने आए थे ।
बताया जा रहा है कि उसमें से कुछ बच्चे वहां रील बना रहे थे। इसी दौरान रमण और उमेश गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। वहां मौजूद दूसरे बच्चों ने शोर मचाकर लोगों को इसकी जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। पानी के तेज बहाव के कारण लोग तुरंत पानी में उतरकर बच्चों की तलाश नहीं कर पा रहे थे। करीब ढाई घंटे के बाद चेकडैम के नीचे एक पिलर के पास एक छात्र का सिर दिखा। इसके बाद कुछ स्थानीय युवक पानी में उतरे और रमण का शव बाहर निकाला। इसके बाद दूसरे छात्र उमेश सिंह की भी तलाश शुरू की गई। ग्रामीणों ने रस्सी की मदद से काफी देर तक खोजबीन की. तब जाकर उसका शव भी पानी से निकाल लिया गया।


