डीसी ने मामले की जांच का दिया आदेश, सीएस को घटना की जानकारी तक नहीं
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज । सदर अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था एवं लापरवाही के कारण सोमवार को एक छ:वर्षीय मलेरिया से पीडि़त पहाडिय़ा बच्ची की मौत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर जिला के डीसी हेमंत सती ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने एवं जांच रिपोर्ट तैयार कर मुख्यमंत्री को सूचित करने की बात कही है। साथ ही डीसी ने कहा कि इस तरह की लचर व्यवस्था पर कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा ना हो। हेमंत सती ने मंडरो के बीडीओ मेघनाथ उरांव एवं प्रवीण कुमार संथालिया से जांच रिपोर्ट मांगा है। उधर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने संताल एक्सप्रेस से बातचीत में कहा की दोषी डॉक्टरों और इस मामले में लापरवाही बरतने वाले सिविल सर्जन पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के संबध में सिविल सर्जन प्रवीण कुमार संथालिया ने उलटे सवाल किया की यह घटना कब की है, इस मामले को मैं देखूंगा। सिविल सर्जन को इस गंभीर घटना की जानकारी तक नहीं थी। मृतक बच्ची के मंडरो प्रखंड के सिमरिया गांव में मंगलवार को स्वास्थ्य टीम भेज कर मलेरिया पीडि़त की पहचान करने के लिए स्वास्थ्य जांच की गयी।


