शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं: अशोक भगत
ब्यूरो
पाकुड़। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को संताल एक्सप्रेस अखबार दुमका के तत्वावधान में जिला स्तरीय सर्वश्रेष्ठ शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन ओपन स्काई स्मार्ट स्कूल पाकुड़ में किया गया ।समारोह का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर बाल विद्यापीठ के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
संताल एक्सप्रेस के ब्यूरो जितेंद्र दास के द्वारा मुख्य अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक भगत एवं बीपीओ किशन भगत उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला परिषद के उपाध्यक्ष अशोक भगत ने संताल एक्सप्रेस को बधाई देते हुए शिक्षक दिवस की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम का ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार, चरित्र और भविष्य को दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है। एक शिक्षक पूरे समाज और देश को परिवर्तन करने की क्षमता रखते हैं । इसलिए ग्रंथों में भी शिक्षक पूजनीय रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं। किसी भी विकसित एवं सशक्त समाज की नींव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर टिकी होती है और इस नींव को मजबूत करने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। शिक्षक हमे अपने कर्तव्यों एवं सामाजिक दायित्वों का भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करणी की सीख देते हैं। हम देश के सभी शिक्षक को चरण वंदन करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षक की जिम्मेदारी केवल विद्यालय की चारदीवारी तक सीमित नहीं होती, बल्कि वह समाज में जागरूकता, संस्कार और सकारात्मक परिवर्तन का प्रमुख वाहक होता है।वही बीपीओ किशन भगत ने कहा कि एक शिक्षक का प्रभाव उसके पढ़ाए हुए पाठ से कहीं अधिक व्यापक होता है। शिक्षक विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ-साथ अनुशासन, नैतिकता, संवेदनशीलता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है। इसलिए शिक्षक का सम्मान केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि ज्ञान, शिक्षा और संस्कार की पूरी परंपरा का सम्मान है।उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए शिक्षक, अभिभावक और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार रवैया अपनाते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जीवनोपयोगी ज्ञान प्रदान करने का आह्वान किया वहीं झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष गेब्रियल मुर्मू ने कहा बदलते समय के साथ शिक्षा के स्वरूप में भी निरंतर बदलाव आ रहा है। ऐसे में शिक्षकों को नई तकनीक, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को निरंतर अपडेट करते रहना चाहिए। शिक्षक जितना अधिक जागरूक और दक्ष होगा, विद्यार्थियों का भविष्य उतना ही उज्ज्वल होगा।समारोह के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं सराहनीय योगदान देने वाले बद्री रविदास अपग्रेड मध्य विद्यालय सुंदरा पहाड़ी , दीपक साहा प्राथमिक विद्यालय हिंदी हाथकाठी, आनंद भगत उच्च विद्यालय डांगापाड़ा, राजू नंदन साहा,उत्कृष्ट विद्यालय राज प्लस टू पाकुड़, धनंजय रविदास अपग्रेड उच्च विद्यालय अंजना, विजय भंडारी जिला सचिव माध्यमिक शिक्षक संघ पाकुड़ मॉडल प्लस टू काशिला, ऋषि राज चटर्जी यू एच एस विद्यालय करियोडीह लिट्टीपाड़ा, राजीव घोष प्रोजेक्ट प्लस टू विद्यालय बड़कियारी महेशपुर, दीनानाथ रविदास प्रधान शिक्षक प्राथमिक विद्यालय शिवनगर , गेब्रियल मुर्मू संचालक एवं अध्यक्ष झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन पाकुड़, मनोज भगत संचालक ओपन स्काई स्मार्ट स्कूल पाकुड़ , जय दत्ता संचालक व्यथस्डा मिशन स्कूल पाकुड़, राजकुमार भगत संचालक सह सचिव झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन पाकुड़,शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों के चेहरे पर खुशी और गौरव का भाव देखने को मिला। वक्ताओं ने कहा कि समाज में शिक्षक का स्थान सदैव सर्वोच्च रहा है, क्योंकि वह आने वाली पीढ़ियों को ज्ञान और संस्कार देकर राष्ट्र के भविष्य को आकार देता है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों की ओर से सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। मौके पर बिकास रविदास, कुंदन कुमार, बिक्रम कुमार आदि छात्र -छात्रा उपस्थित रहे।


