● 5 सितंबर को सर्किट हाउस में शिक्षक दिवस सम्मान समारोह-2026, शिक्षा, कला व समाज निर्माण में योगदान देने वाले शिक्षक होंगे सम्मानित
● अतिथि के रूप में मंच की शोभा बढ़ाएंगे डीईओ संजीत कुमार, डीपीआरओ रोहित कांडुलना और एसपी महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार गुप्ता
ब्यूरो
दुमका। शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माता होता है। ऐसे ही समर्पित शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से संताल परगना के प्रमुख संताली-हिंदी दैनिक ‘संताल एक्सप्रेस’ की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। पांच सितंबर को दुमका स्थित सर्किट हाउस के कॉन्फ्रेंस हॉल में शिक्षक सम्मान समारोह-2026 आयोजित होगा।
समारोह में शिक्षा, उच्च शिक्षा, ग्रामीण शिक्षा, संगीत और कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 18 शिक्षकों को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन श्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। सम्मान पाने वालों में प्राथमिक विद्यालय से लेकर मध्य व उच्च विद्यालय के शिक्षक, महाविद्यालय के प्राध्यापक, संगीत शिक्षक तथा शिक्षा और कला के क्षेत्र से जुड़े शिक्षाविद शामिल हैं।
———————————————-
कक्षा से समाज तक पहुंचा योगदान
सम्मान के लिए चयनित शिक्षकों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। कई शिक्षकों ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और समाज में शिक्षा का वातावरण तैयार करने के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है।
वहीं, उच्च शिक्षा, संगीत और कला के क्षेत्र में भी इन शिक्षकों का योगदान अपनी अलग पहचान रखता है। संताल एक्सप्रेस की ओर से आयोजित यह सम्मान समारोह ऐसे शिक्षकों के कार्यों को समाज के सामने लाने और उनके योगदान को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने की पहल है।
———————————————-
शिक्षकों के सम्मान का भव्य आयोजन, डीईओ समेत कई अधिकारी होंगे अतिथि
समारोह के अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी संजीत कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कांडुलना तथा संताल परगना महिला कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार गुप्ता होंगे। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं के अलावा शिक्षाविद, गणमान्य नागरिक और शहर के प्रबुद्धजन भी मौजूद रहेंगे।
———————————————-
ये 18 शिक्षक होंगे सम्मानित
समारोह में प्रियदर्शनी देहरी, शिक्षिका, दुमका; कुसुम बास्की, शिक्षिका, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, गोपीकांदर; विभा कुमारी, शिक्षिका, पीएमएस सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, दुमका; पूनम कुमारी, शिक्षिका, काठीकुंड; मोनी माला सिंह, संगीत शिक्षिका, ज्ञान वाटिका स्कूल, रसिकपुर, दुमका; डॉ. रुपम श्रीवास्तव, मयूराक्षी कॉलेज, रानेश्वर; डॉ. कौशल कुमार, प्राचार्य, संथाल आवासीय विद्यालय मसलिया; निर्मल सिंह, प्रधानाध्यापक, प्राथमिक विद्यालय लकरजोरिया, जामा; तेज नारायण राय, सहायक अध्यापक, जामा; डॉ. मेरी मार्गरेट टुडू, प्राचार्य, मॉडल कॉलेज, विजयपुर दुमका; डॉ. यू. एस. आनंद, सेवानिवृत्त शिक्षक एवं वरिष्ठ साहित्यकार ; ऋतुराज, संगीत शिक्षक,झारखंड कला केंद्र; डॉ. अजीत कुमार, प्रभारी प्राचार्य सह स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक, +2 उच्च विद्यालय जामा; महेंद्र प्रसाद, सेवानिवृत्त शिक्षक; ऊंकार नाथ मिश्र, शिक्षक, प्रखंड सरैयाहाट; डॉ. हनीफ, सहायक प्रोफेसर, अंग्रेजी विभाग, संताल परगना महिला महाविद्यालय; रघुनाथ हाँसदा ‘चिलबिन्धा’, शिक्षक तथा डॉ. होलिका कुमारी मरांडी, सहायक प्रोफेसर, संताली विभाग,संताल परगना कॉलेज, दुमका शामिल हैं।
———————————————-
सम्मान से बढ़ेगा शिक्षकों का हौसला
शिक्षक दिवस पर होने वाला यह आयोजन केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षकों के प्रति समाज में सम्मान और कृतज्ञता की भावना को मजबूत करने का संदेश भी देना है। शिक्षकों के संघर्ष, समर्पण और उपलब्धियों को सम्मान देकर नई पीढ़ी के शिक्षकों और विद्यार्थियों को प्रेरित करने का प्रयास किया जाना है।
‘संताल एक्सप्रेस’ परिवार की ओर से समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पांच सितंबर को दुमका का सर्किट हाउस उन गुरुजनों के सम्मान का साक्षी बनेगा, जिन्होंने शिक्षा के साथ समाज निर्माण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है।


